अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग, बैंकेट हॉल का किया निरीक्षण

मुरादाबाद। शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने लाइनपार स्थित रामलीला ग्राउंड के बैंकेट हॉल का निरीक्षण किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने बैंकेट हॉल में लगे अग्नि सुरक्षा उपकरणों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। टीम ने अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी स्थिति तथा आपातकालीन परिस्थितियों में आग से बचाव के इंतजामों की जांच की।

अधिकारियों ने संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने, उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखने तथा कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव एवं राहत कार्यों के लिए प्रशिक्षित रखने के निर्देश दिए।

अग्निशमन विभाग की इस सक्रिय पहल से बैंकेट हॉल में आने वाले लोगों की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। प्रशासन का यह अभियान ?सुरक्षित मुरादाबाद? की दिशा में एक सराहनीय कदम है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।