अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर युवा विकास समिति ने किया वृद्धजनों का सम्मान


फतेहपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर भिटौरा रोड स्थित वृद्ध आश्रम में युवा विकास समिति, फतेहपुर द्वारा वृद्धजन सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी संतोष तिवारी द्वारा वृद्धजनों को शॉल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर संतोष तिवारी जी ने कहा कि हमारे बुजुर्ग हमारी पूंजी हैं। उनके अनुभव, संस्कार और जीवन की सीख समाज की अमूल्य धरोहर हैं। हमें वृद्धजनों का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित और खुशहाल जीवन देने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।युवा विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा कहा कि आज के युवाओं को चाहिए कि वे कुछ समय बुजुर्गों के पास बैठें, उनसे जीवन के अनुभव और संघर्ष की सीख लें। बुजुर्गों के अनुभव युवा पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। युवा विकास समिति ने समाज के लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास रहने वाले बुजुर्गों का सम्मान करें और उनके सुख-दुःख में सहभागी बनें। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कंचन मिश्रा , आचार्य उपमन सरस्वती महाराज , आश्रम संचालिका नीतू मैडम , अशोक यादव यादि लोग उपस्थित रहे ।