Chandauli News:सीओ चारू द्विवेदी की पहल से फिर महके रिश्तों के फूल मिशन शक्ति के तहत टूटते परिवारों को जोड़ने की मुहिम, सुलह के बाद दो परिवारों का सम्मान

 

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय 

चंदौली। छोटी-छोटी बातों पर होने वाले मनमुटाव और आपसी मतभेद कई बार हंसते-खेलते परिवारों को टूटने की कगार पर पहुंचा देते हैं। ऐसे में संवाद, समझदारी और धैर्य से विवाद सुलझाकर रिश्तों को फिर से खुशहाल बनाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से चंदौली पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत परिवारों को जोड़ने की अनूठी पहल की। शुक्रवार को जिले के सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्रों और परिवार परामर्श केंद्रों की ओर से सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराकर साथ रह रहे दंपतियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।

क्षेत्राधिकारी लाइन डा. चारू द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के तहत बलुआ थाना क्षेत्र के रानेपुर गांव में वह स्वयं पहुंचीं और दो परिवारों को सम्मानित किया। इस दौरान परिवारों से संवाद स्थापित कर परामर्श के बाद उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली गई। परिजनों ने पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि विवाद सुलझने से उनके परिवारों में फिर से खुशहाली और आपसी सामंजस्य लौटा है।

*डा. चारू द्विवेदी ने दिया रिश्तों को सहेजने का संदेश*
सीओ लाइन डा. चारू द्विवेदी ने कहा कि परिवार समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। छोटी-छोटी बातों पर होने वाले विवादों को संवाद, धैर्य और आपसी समझदारी से सुलझाया जा सकता है। परिवारों को टूटने से बचाने के लिए जरूरी है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे की भावनाओं को समझें और सकारात्मक सोच के साथ समाधान की दिशा में आगे बढ़ें। परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पुलिस ऐसे परिवारों के बीच आपसी सहमति बनाने का प्रयास करती है, ताकि रिश्तों में विश्वास कायम रहे और घर-परिवार में फिर से खुशहाली लौट सके।उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल महिलाओं को अपराधों से सुरक्षा दिलाना ही नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना भी है। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के साथ पारिवारिक विवादों के समाधान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान,महिला आरक्षी अनामिका,महिला आरक्षी दिव्या सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।