Chandauli News:चार्ज संभालते ही नवागत थानाध्यक्ष ने कोतवाली की व्यवस्थाएं परखीं,मिशन शक्ति केंद्र में धूल-गंदगी देख भड़के, पुलिसकर्मियों को लगाई कड़ी फटकार

भोजनालय, बैरक और सीसीटीएनएस कक्ष का किया निरीक्षण
खुद कूड़ा उठाकर डस्टबिन में डाला, फरियादियों से बेहतर व्यवहार के दिए निर्देश

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली का चार्ज संभालने के बाद नवागत थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने शनिवार को कोतवाली परिसर का औचक निरीक्षण किया।उन्होंने विभिन्न कक्षों की व्यवस्थाओं को परखते हुए साफ-सफाई, अभिलेखों और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई जगह खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थानाध्यक्ष ने सबसे पहले मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। यहां दीवारों पर जमी धूल और झाले देखकर उन्होंने महिला पुलिसकर्मी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल साफ-सफाई कराने के साथ ही केंद्र को हमेशा स्वच्छ और व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने केंद्र में रखे विभिन्न रजिस्टरों को भी परखा और महिलाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान की स्थिति के बारे में जानकारी ली।इसके साथ ही उन्होंने भोजनालय, बैरक और सीसीटीएनएस कक्ष का भी निरीक्षण किया। परिसर में जगह-जगह पानी की बोतल और प्लास्टिक समेत अन्य कचरा पड़ा देखकर थानाध्यक्ष नाराज हो गए।उन्होंने पुलिसकर्मियों को स्वच्छता के प्रति गंभीर रहने की हिदायत दी।खास बात यह रही कि परिसर में पड़ा कचरा देखकर थानाध्यक्ष ने खुद अपने हाथों से बोतल और प्लास्टिक उठाकर डस्टबिन में डाला। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी खुद स्वच्छता की शुरुआत करें और परिसर में किसी भी तरह की गंदगी न फैलाएं।सभी लोग कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि कोतवाली परिसर साफ-सुथरा और व्यवस्थित बना रहे।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कोतवाली में आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक और बेहतर व्यवहार किया जाए। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि थाने की व्यवस्था और पुलिसकर्मियों का व्यवहार ही आमजन के बीच पुलिस की छवि तय करता है।