जूते पे जो तकरार हुई, दुल्हन बिना ही विदा बारात हुई!

जब रस्म ने बिगाड़ा रिश्ता: बिजनौर में 'जूता चुराई' बना टकराव का कारण
बिजनौर, 14 अप्रैल ? उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में 13 अप्रैल की रात एक ऐसा मामला सामने आया जिसने यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या विवाह समारोहों में निभाई जाने वाली पारंपरिक रस्में कभी-कभी रिश्तों को तोड़ने का कारण बन सकती हैं?

यह घटना थाना नांगल क्षेत्र स्थित भारत बैंक्वेट हॉल की है, जहां नजीबाबाद से आई बारात का भव्य स्वागत किया गया। लेकिन सब कुछ तब बदल गया जब 'जूता चुराई' की रस्म में दूल्हा रिजवान, निवासी हर्सवाड़ा, ने ₹15,000 की जगह केवल ₹2,100 देने की पेशकश की।

यही रस्म उसी दिन दुल्हन की बहन की शादी में निभाई गई थी, जिसमें दामाद ने पूरी रकम खुशी से दी थी। इस तुलना ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया और लड़की पक्ष ने इसे असम्मान मानते हुए विरोध दर्ज कराया। बात इतनी बढ़ गई कि बारातियों को हॉल में बंधक बना लिया गया और रातभर कहासुनी चलती रही।

रात करीब 1 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। हालांकि, इस पूरे विवाद का असर यह रहा कि शादी अधूरी रह गई और दूल्हा दुल्हन के बिना ही लौट गया।