पति के मौत के सदमे में हुई पत्नी,की मौत, दोनों की साथ उठी अर्थी


कंदवा क्षेत्र के बरहनी गांव में अचानक तबीयत खराब होने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। कुछ ही देर में पति की मौत के सदमे में पत्नी की भी जान चली गई। गाजीपुर निवासी पति-पत्नी पिछले दस साल से अपनी बेटी के यहां रह रहे थे। दोनों की अर्थियों एक साथ उठी तो लोगों की भीड़ जुट गई।

बरहनी गांव निवासी सदा की शादी गाजीपुर के जमानिया थाना क्षेत्र के धुस्का गांव में बूटन की बेटी आशा के साथ हुई थी। बूटन (65) की एक बेटी के अलावा कोई संतान नहीं थी। इसलिए करीब एक दशक पहले बूटन अपनी पत्नी जिउतिया (60) के साथ बेटी आशा के घर बरहनी आकर रहने लगे थे। शुक्रवार की रात बूटन की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजनों ने डॉक्टर को घर बुलाया। डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि बूटन की मौत हो गई है। बगल में बैठी उनकी पत्नी जिउतिया यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसकी भी जान चली गई। पति पत्नी की एक साथ मौत से हर कोई हैरान था।

ग्रामीणों का कहना था कि दोनों एक-दूसरे को बहुत प्रेम करते थे। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई। पति-पत्नी की अर्थियां एक साथ निकलीं तो देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।