केलाडांडी में विवादित स्थल का डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी अनुराग आर्य ने हालात का जायजा लिया

बरेली उत्तर प्रदेश के जिला बरेली में क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव केलाडांडी में दो समुदायों के बीच झगड़े का कारण बने विवादित स्थल की निगरानी के लिए उसके अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। रविवार को गांव पहुंचे डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी अनुराग आर्य ने हालात का जायजा लिया दोनों अधिकारियों ने क्योलड़िया थाने में दोनों समुदाय के लोगों के साथ अलग-अलग बैठक की। दूसरे समुदाय ने नई परंपरा शुरू नहीं करने का लिखित आश्वासन दिया है। केलाडांडी में शुक्रवार को विवादित स्थल की दीवार गिराए जाने के बाद दोनों समुदायों में टकराव हो गया था। दीवार फिर से बनाने के विरोध में भाजपा विधायक डॉ. एपी आर्या गांव में ही धरने पर बैठ गए थे। एक ही पक्ष के 12 लोगों को हिरासत में लेकर मुचलका पाबंद किए जाने के कारण लोगों का गुस्सा और बढ़ गया था। इसके बाद गांव में तनाव के बीच फोर्स तैनात है।रविवार को अफसरों ने गांव मे पैदल मार्च करने के बाद विवादित स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारी क्योलड़िया थाने पहुंचे। कुछ ही देर में दोनों समुदायों के ग्रामीण भी थाने पहुंच गए। थाने के बाहर भीड़ जमा होने पर पुलिस ने लोगों को वहां से हटा दिया। बाद में दोनों पक्षों के लोगों को अलग-अलग थाने बुलाकर उनसे बात की। यथास्थिति को लेकर दोनों पक्षों में सहमति बन गई है। डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी अनुराग आर्य ने क्योलड़िया थाने में पहले एक पक्ष के सुमित कुमार, जिला पंचायत सदस्य प्रवेंद्र कुमार और कालीचरण से बात की। इन लोगों ने नई परंपरा का हवाला दिया और दो साल पहले इसी विवादित स्थल को लेकर हुए विवाद के बारे में बताया।इसके बाद अधिकारियों ने दूसरे पक्ष के फिदा हुसैन, अल्ताफ हुसैन, वहीद अहमद और अमरुद्दीन से वार्ता की। फिदा हुसैन ने संबंधित भूमि वक्फ में पंजीकृत होने का दावा किया। यह भी लिखित में दिया कि प्रशासन की अनुमति के बिना कोई नया निर्माण या नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी।