कन्नौज: लाल टोपी वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार हार की हताशा में अब कुछ नही सूझ रहा तो टोपी के रंग पर सवाल

कन्नौज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज यहां भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। हरियाणा में सपा के चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि पार्टी इस पर निर्णय लेगी और सपा को राष्ट्रीय पार्टी बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा।

भाजपा के लाल टोपी वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा, "लाल रंग क्रांति, इमोशन और मेल मिलाप का प्रतीक है। यह रंग हमारे पारिवारिक कार्यक्रमों का हिस्सा है। मुख्यमंत्री जी शायद इन भावनाओं को नहीं समझ सकते।

लाल रंग खुशी और त्योहारों का प्रतीक

पार्टी के बड़े नेता और पूर्व विधायक कलियान सिंह दोहरे के गौरियापुर आवास पर उनकी माँ के निधन पर सम्वेदना व्यक्त करने आये अखिलेश ने आगे कहा देखिए, हमारे पास तो बाल हैं, लेकिन उन लोगों के लिए जो गंजे हैं, काले रंग की टोपी पहनना ही एक विकल्प हो सकता है। काले रंग पर बहस नहीं कर रहे हैं, लाल रंग खुशी और त्योहारों का प्रतीक है। भाजपा की नाराजगी हार की वजह से है, और यही कारण है कि उन्हें हर जगह लाल रंग नजर आता है।

फर्रुखाबाद में दो किशोरियों की संदिग्ध मौत पर अखिलेश ने कहा, "दोनों की जान गई, हत्या की गई या उन्होंने आत्महत्या की, सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं है। भाजपा केवल राजनीतिक फायदे के लिए विपक्ष शासित राज्यों में आवाज उठाती है, लेकिन भाजपा शासित राज्यों में महिला अपराधों के मामलों में आंखें मूंद लेती है।

पूरे प्रदेश में बेटियों के साथ हो रहा अत्याचार

पूरे प्रदेश में बेटियों के ऊपर अत्याचार हो रहा है। सरकार जानबूझ कर इधर-उधर की बात करती है। महिलाओं और व्यापारियों के साथ लूट हो रही है। फिर भी सरकार सो रही है। हर जिले में लूट की घटना हो रही है।

गरीबों की जमीन ले ली गई। गरीबों ने जब मांग की कि जमीन का रेट बढ़ा कर मुआवजा मिले तो उस पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया। भाजपा को लाल रंग याद आ रहा है लेकिन मंहगाई नहीं याद आ रही।

किसी भी धर्म का अपमान नहीं होना चाहिए

देश में पैगंबर ए इस्लाम बिल की मांग पर अखिलेश ने कहा कि किसी भी धर्म का अपमान नहीं होना चाहिए और देश के प्रधानमंत्री को इस की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सरकार जनता के सवालों का जवाब नहीं देती, तो विपक्षी पार्टी इतिहास की बातें करती है।

उत्तर प्रदेश में भी पश्चिम बंगाल जैसी घटनाएं हो रही हैं, जहां कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है और अपराध बढ़ रहे हैं। समाजवादी सरकार ने डायल 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा शुरू की थी, जिसे भाजपा ने निष्प्रभावी बना दिया है। फर्रुखाबाद की घटना में भाजपा सरकार की चुप्पी विचलित करने वाली है।