Kanpur-फीट भर जमीन के लिए पड़ोसी को कुल्हाड़ी से काट डाला......

कानपुर में 1 फीट जमीन के लिए हत्या:पड़ोसी को कुल्हाड़ी से काट डाला, गर्भवती पत्नी घायल, 4 साल से चला आ रहा विवाद

कानपुर में 1 फीट जमीन के लिए युवक को कुल्हाड़ी से काट डाला। बचाने आई गर्भवती पत्नी भी घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों पड़ोसियों में इस जमीन के लिए 4 साल से विवाद चला आ रहा था। ये वारदात घाटमपुर की है।

सजेती के बीरबलपुर गांव में अरविंद कुमार (30) रहता था। वह मजदूरी करता था। उसकी मां ने बताया- हमारे पड़ोस में मूलचंद्र निषाद रहता है। उसके और हमारे घर के बीच में 1 फीट जमीन का विवाद 4 साल से चला आ रहा है। शनिवार को मेरी बहू नाली साफ कर रही थी।

मूलचंद हमारी बाउंड्री वॉल के पास लगे पेड़ काटना चाहता था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। अरविन्द से कहासुनी बढ़ गई। जिसके बाद मूलचंद्र घर के अंदर से कुल्हाड़ी निकाल लाया।

हमले में घायल हुई महिला का इलाज जारी है।

मां ने आगे बताया- उसने अरविंद की गर्दन पर वार कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची ममता पर भी मूलचंद्र ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इसके बाद वह मौके से भाग निकला। गांव के लोगों ने इस बारे में पुलिस को जानकारी दी। एडीसीपी अंकिता शर्मा मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने एडीसीपी अंकिता शर्मा से आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। एडीसीपी ने सजेती थाने में आरोपी मूलचंद्र से पूछताछ की है। घटनास्थल पर पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम ने जांच पड़ताल की है।

हत्या की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुँच गई है।

कानपुर एडीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया- मूलचंद्र की जमीन अरविंद के घर के बगल में है। यहां पर बबुल के पेड़ खड़े है। मूलचंद्र जमीन पर खड़े बबुल के पेड़ काटने लगा। तभी अरविंद की पत्नी ममता ने विरोध किया। जिस पर दोनों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया। जिससे गुस्साए मूलचंद्र ने ममता के पेट पर कुल्हाड़ी से हमला किया। यह देखकर अरविंद ने मूलचंद्र को पकड़ना चाहा, जिसपर मूलचंद्र ने अरविंद की गर्दन पर दो बार कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जिससे अरविंद की मौके पर मौत हो गई। वहीं पत्नी ममता का उपचार कानपुर के हैलट अस्पताल में जारी है।

घटना के बाद एडीसीपी अंकिता शर्मा मौके पर पहुंची।

4 साल से दोनों के बीच चल रहा विवाद
गांव के लोगों ने बताया- मूलचंद्र और अरविंद के बीच जमीन पर कब्जे को लेकर साल 2021 से विवाद चल रहा है। बीते दिनों जमीन की नपाई करने पहुंचे राजस्व लेखपाल और कानूनगो के साथ मूलचंद्र ने मारपीट की थी। जिस पर पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मूलचंद्र समेत अन्य की तलाश शुरू की थी। मूलचंद्र पुलिस के डर से कई दिन गांव से फरार रहा था। समय बीतने के साथ मामला ठंडा हो गया