बंद बोरे में हाथ-पैर बंधा पड़ा मिला नवविवाहिता का शव, सिर कूच कर की गई हत्या, पास में मिले बैग से हुई पहचान, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। साण्डी इलाके में सड़क किनारे बंद पड़े बोरे में एक महिला का शव पड़ा मिला। जिसको देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हत्या करने के बाद उसका शव बोरे में ठूंस कर फेंकने की आशंका है। सूचना मिलते ही मौके पर एसपी,एएसपी पूर्वी और सीओ बिलग्राम पहुंच गए। जहां पर बोरा पड़ा हुआ था,वहीं पर पड़े मिले बैग में कपड़े और आधार कार्ड था। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस शव कब्जे में लेकर पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।

बताया गया कि साण्डी थाना के भैरमपुर गांव में सड़क के किनारे लालता के खेत में एक बोरा पड़ा हुआ देखा गया,उसी के पास एक बैग भी पड़ा हुआ था। लोगों ने बोरे से बदबू आने पर इसकी जानकारी पुलिस को दी। वहां पहुंची पुलिस ने बोरा खुलवाया तो उसमे एक महिला का शव निकला। बोरे से शव निकलता देख हर कोई घबरा गया। साड़ी पहने महिला के दोनों हाथ कपड़े से बंधे हुए थे। उसके सिर में गहरी चोट भी थी। महिला की शिनाख्त उसके पास से मिले आधार कार्ड से की गई है। जिसमें 21 वर्षीय महिला का नाम सुनैना पत्नी आकाश निवासी मलौथा हरपालपुर बताया गया है। उसका मायका सुरसा थाने के कमरौली गांव में है।

पुलिस के मुताबिक सुनैना शुक्रवार की शाम को ससुराल जाने के लिए मायके से निकली थी। उसकी हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग या फिर अवैध संबंध की अटकलें लगाई जा रहीं है। इस बारे में एसपी केशव चंद गोस्वामी ने बताया कि एक महिला का शव बोरे में पड़ा मिला है। महिला हरपालपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और उसकी सुरसा थाना क्षेत्र में शादी हुई थी। पुलिस दी गई तहरीर के आधार मामले की छानबीन में जुटी है। मृतका के ससुरालियों की तलाश की जा रही है,जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।