दूसरे समुदाय के बच्चे पर डाला रंग, विरोध पर किया पथराव

बरेली थाना किला क्षेत्र मे होली के दिन दूसरे समुदाय के बच्चे पर रंग डालने के बाद विवाद हो गया। भाजपा के बूथ अध्यक्ष समेत चार नामजद और दस अज्ञात के खिलाफ किला थाने मे शिकायत की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को शांतिभंग में जेल भेजा है। वही इस मामले की जानकारी मिलते ही जमात रजा ए मुस्तफा के पदाधिकारियों ने घटना से सीओ सेकेंड को अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। शहर के चौधरी तालाब निवासी रुखसाना के मुताबिक उनका बेटा अनस घर के बाहर खड़ा था। तभी वहां कुछ लोग शराब के नशे मे उनके बेटे पर रंग डालने आए। शोर सुनकर रुखसाना ने बाहर जाकर रंग डालने को मना किया तो युवकों ने अभद्रता कर दी। विरोध करने पर पथराव कर दिया। पथराव मे अनस के माथे पर एक पत्थर लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रुखसाना ने भाजपा बूथ अध्यक्ष समेत चार लोगों को नामजद कर दस अज्ञात लोगों के खिलाफ किला थाने मे तहरीर दी है। किला थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें दो लोगों के खिलाफ तहरीर मिली। कुछ आरोपियों को पकड़कर बच्चे से उनका सामना कराया गया। इनमें से अनस ने एक आरोपी रफियाबाद निवासी विक्की को पहचान लिया। उसे फिलहाल शांतिभंग मे जेल भेजा है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।।