इज्जतनगर मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

इज्जतनगर मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

42 पेंशनभोगियों के बने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, 47 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने कराई स्वास्थ्य जांच

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यूएस नाग और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में पेंशनभोगियों ने लाभ उठाया।

शिविर के दौरान मंडल के विभिन्न कार्यालयों और इकाइयों में कुल 42 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए। इनमें मंडल रेलवे चिकित्सालय इज्जतनगर में 29, डीजल शेड में 9, बरेली सिटी में 2 और मंडल कार्यालय इज्जतनगर में 2 प्रमाण पत्र बनाए गए।

वहीं, मंडल रेलवे चिकित्सालय में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में गैस्ट्रो सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञों ने सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में ईसीजी, रक्तचाप, ब्लड शुगर सहित विभिन्न आवश्यक रक्त जांच निःशुल्क की गईं। कुल 47 सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों ने स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया।

इस पहल के माध्यम से रेलवे प्रशासन ने पेंशनभोगियों को एक ही स्थान पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई। शिविर में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, मुख्य कल्याण निरीक्षक, सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।