संदिग्ध परिस्तिथियों में विवाहिता की मौत मायके वालो ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप 

बरेली के दुर्गानगर क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्तिथियों में जलकर मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। ससुराल पक्ष वाले विवाहिता का शव अस्पताल में छोड़कर भाग गए। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवाहिता के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सेल्स टैक्स विभाग में क्लर्क है।प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना इज्जतनगर के रजत विहार निवासी विवाहिता के पिता दिनेश कुमार मानसिक अस्पताल के कर्मचारी हैं। दिनेश कुमार ने वर्ष 2019 में अपनी पुत्री आकांक्षा आयु 24 वर्ष का विवाह थाना बारादरी क्षेत्र के दुर्गा नगर निवासी जगदीश के बेटे अशोक के साथ किया था। शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद बावजूद अशोक और उसके परिजन दहेज को लेकर बेटी को परेशान करते थे। आरोप है कि अशोक आए दिन आकांक्षा की पिटाई करता था। शिकायत मिलने पर दिनेश कुमार अपनी बेटी को समझा बुझाकर मामले को शांत कर दिया करते थे। आरोप है कि बेटी आकांक्षा को सास शांति, देवर प्रदीप, ननद गीता ने कल रविवार को गैस से जलाकर मार दिया। इसकी सूचना जब परिवार के लोगों को लगी तो वह मौके पर पहुंचे। पता लगा कि निजी अस्पताल में भर्ती कराकर ससुराल वाले फरार हो गए। आज सोमवार की सुबह उपचार के दौरान आकांक्षा ने दम तोड़ दिया।घटना की जानकारी दिनेश कुमार ने बारादरी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पति अशोक बरेली में ही सेल टैक्स में बाबू है। दिनेश के मुताबिक अशोक का एक भाई लखनऊ में कांस्टेबल है। आरोप है कि उसी के दम पर अशोक उन लोगों को धमकाता था कि तुम मेरा कुछ नहीं कर पाओगे। बारादरी थाना पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार कर लिया है।