दो युवकों की कहासुनी में दो पक्षों में हुआ विवाद, जमकर मारपीट में दोनों पक्षों से चार लोग हुए घायल, पुलिस ने 11 लोगों को किया गिरफ्तार, एसपी और एएसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

हरदोई। लोनार इलाके में दो युवकों में कहासुनी के बाद विवाद हो गया। जिसमें दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग आमने सामने आ गए। इस हमले में दोनों पक्षों से दो दो लोग घायल हुए है। सूचना पर एसपी समेत एएसपी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

बताया गया कि लोनार थाना क्षेत्र के बावन में एक शादी समारोह का कार्यक्रम था। जिसमें शामिल होने के लिए एक युवक आया था। वह युवक किसी काम से बावन बाजार पहुंचा, जहां उसने चाट पकौड़ी के ठेले को लगा देखा। उसने ठेले से टिक्की ली और वही खड़े होकर खाने लगा। इस दौरान एक बाइक सवार वहां से निकला। जिसके बाइक का पहिया टिक्की खा रहे युवक के पैर से छू गया। इस बात से खफा युवक ने बाइक सवार को गाली दी। जिसको लेकर कहासुनी होने लगी और बात आगे बढ़ गई। वहां पर एक पक्ष के लोगों ने आकर मारपीट का प्रयास किया। जैसे ही दूसरे पक्ष के लोगों को खबर हुई तो वो भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। जिसमें दोनों पक्षों से दो -दो लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे बावन चौकी प्रभारी व्यास यादव ने पुलिस बल के साथ मामले को शांत कराया और 11 लोगों को हिरासत में ले लिया। साथ ही थानाध्यक्ष लोनार और उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दी। इसका पता चलते ही थानाध्यक्ष लोनार धर्मेंद्र गुप्ता, थानाध्यक्ष हरियावां विवेक वर्मा, कोतवाल सवायजपुर दिलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद आनन फानन में मौके पर पहुंचकर एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शाम को एसपी केशव चंद गोस्वामी ने पुलिस बल के साथ बावन कस्बे में पैदल गश्त किया। साथ ही उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के बारे में जानकारी ली है।

एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि लोनार थाना क्षेत्र के बावन में टिक्की खाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों से दो -दो लोग घायल हुए है। जिसमें 11 लोगों को हिरासत में लिया गया। घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है मौके पर शांति व्यवस्था कायम हैं।