आठ बोरों में पुल के नीचे मिले पशु अवशेष गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम

बरेली। जिले में गोकशी के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे है। आए दिन कहीं न कहीं गोवंशीय पशु अवशेष लगातार मिल रहे हैं। रविवार सुबह को भमोरा थाना क्षेत्र में बरेली-बदायूं मार्ग पर सरदार नगर के समीप बने पुल के नीचे आठ बोरों में संरक्षित पशु के अवशेष मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। हिंदू संगठन के साथ बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने बदायूं हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाकर लोगों को हाईवे से हटाया। बदायूं हाइवे पर रामगंगा से आगे सरदार नगर के दो पुलों के नीचे आठ बोरों में संरक्षित पशुओं के अवशेष पड़े देखकर ग्रामीण जुट गए। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी मनोज गुप्ता के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। पुल के ऊपर हाइवे पर जाकर लोगों ने जाम लगा दिया। काफी देर तक हाईवे जाम रहा। जिसके बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई। सीओ आंवला दीपशिखा और आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर हटाया गया। साथ ही पशु अवशेष का सैंपल लेकर अवशेष जेसीबी से गड्ढा खोदवा कर दफना दिए गए। तब जाकर ग्रामीण वहां से हटे।