100 फुटा रोड पर बवाल करने वाले दो डॉक्टरों समेत छः के खिलाफ दो मुकदमें दर्ज

बरेली। जिला अस्पताल के दो डॉक्टर और एक सुपरवाइजर ने बुधवार रात सौ फुटा रोड पर कार से दूसरी कार टकराने के बाद हंगामा और लोगों से मारपीट की थी। नशे में धुत डॉक्टरों ने बिना वजह के राहगीरों की पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी भिड़ गए। इसके बाद जब जाम लगा तो भीड़ ने डॉक्टर और सुपरवाइजर को बुरी तरह पीटा। डॉक्टर और सुपरवाइजर ने नाले में कूदकर जान बचाई। रात में आरोपी डॉक्टरों को हिरासत में ले लिया गया था।हालांकि उनके बुरी तरह घायल होने की वजह से तीनों का जिला अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की पिटाई से साइकिल व्यापारी जगजोत सिंह भी घायल हो गए थे। वह एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। इज्जतनगर थाना इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ पुलिस और घायल पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इज्जतनगर थाने में दो डॉक्टर, एक सुपरवाइजर व तीन अज्ञात के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला, छेड़छाड़, मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी, सरकारी काम में बाधा समेत कई धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। प्रियदर्शनी नगर के रहने वाले सुखबीर सिंह ने बताया कि उनके बेटे जगजीत सिंह अपनी गाड़ी से अजंता स्वीट्स पर मिठाई लेने गए थे। इसी दौरान दूसरी गाड़ी वहां जाकर लग गई। गाड़ी हटाने को लेकर दो पक्षों में कहा सुनी हो गई। आरोपी की जिला अस्पताल के डॉक्टर राहुल बाजपेई, डॉ. वैभव और डॉ. संजीव शराब के नशे में थे। उन्होंने जगजीत सिंह के साथ गाली-गलौज की। उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। उसकी घड़ी, सोने की चेन गायब हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। आरोप है कि पुलिस के साथ भी इन लोगों ने अभद्रता मारपीट की। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।वहीं, इज्जतनगर थाने की पीआरवी 112 पर तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद इरफान ने बताया कि 6 सितंबर को रात नौ बजे वह ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मारपीट की सूचना पर सौ फुटा रोड पहुंचे। देखा कुछ लोग एक सरदार युवक को पीट रहे थे। पुलिस वालों ने बचाने की कोशिश की तो डॉक्टर संजीव, डॉक्टर वैभव और डॉक्टर राहुल बाजपेई ने उन पर हमला कर दिया। गाली गलौज और मारपीट की। दो महिला कांस्टेबल के साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। कार सवार डॉक्टर और सुपरवाइजर कहीं पार्टी करके आ रहे थे। शराब के नशे में धुत थे। इनकी कार से जिस कार को साइड लगी, उसमें दूसरे समुदाय के मजबूत कद काठी के चार लोग थे। स्वास्थ्यकर्मियों ने उनकी गलती बताते हुए हावी होने की कोशिश की। कार सवार लोग जो पहले बात टालने की कोशिश कर रहे थे, बाद में हावी हो गए और स्वास्थ्यकर्मियों की पिटाई कर निकल गए। पिटाई से स्वास्थ्यकर्मी बौखला गए। उन्होंने राहगीरों, खासकर उसी समुदाय के लोगों को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इससे वहां जाम लग गया।