शीशगढ़ में हुए बवाल के मामले में चार मुकदमे दर्ज 25 से ज्यादा लोग गिरफ्तार

बरेली शीशगढ़ कस्बे में शुक्रवार रात धार्मिक टिप्पणी को लेकर माहौल खराब हो गया था। एक किशोर की ओर से सोशल मीडिया पर की गई धार्मिक टिप्पणी के बाद दूसरे समुदाय की भीड़ ने पहले थाना और फिर आरोपी का घर घेर लिया। आधी रात में किशोर की गिरफ्तारी के बाद लोग माने। घटना के बाद कमिश्नर और आईजी भी देर रात मौके पर पहुंचे। जांच में पता लगा कि दूसरे समुदाय के सहपाठी किशोर से सोशल मीडिया पर बहस में किशोर ने यह टिप्पणी की थी। इसके बाद बवाल हुआ था। घटना के बाद शीशगढ़ को छावनी में तब्दील कर दिया गया। कस्बे में तनावपूर्ण शांति का माहौल है। रात में ही दूसरे किशोर को भी पकड़ लिया गया था। वह शीशगढ़ की चेयरमैन का भतीजा है। पता लगा कि गुरुवार से दोनों ओर से कमेंट हो रहे थे, जिसके बाद शुक्रवार को मस्जिद में जुमा की नमाज के बाद जुटे लोगों ने शाम ढले किशोर को सबक सिखाने की रणनीति बनाई थी। बवाल के बाद सियासी जुड़ाव की वजह से पुलिस ने चेयरमैन के पति को थाने में बैठा लिया है। दोनों ओर से मुकदमे दर्ज करने के बाद भीड़ पर दो मुकदमे पुलिस ने दर्ज कराए हैं। भीड़ में शामिल करीब 27 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य खुराफातियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में एक समुदाय के लोगों ने शनिवार को बाजार बंद कर दिया है। कई सीओ, इंस्पेक्टर के साथ ही कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात है। पीएसी और आरएएफ भी तैनात की गई है। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि कस्बे में शांति हैं। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो से आरोपियों की पहचान की जा रही है।