प्रेमनगर में टप्पेबाजी, घर जाकर रुमाल में प्लास्टिक की चूड़ी देख उड़े महिला के होश

बरेली। खून की कमी बताकर वैद्य बने टप्पेबाज ने महिला से जेवर उतरवाकर रुमाल में रखवा लिए। घर जाकर गंगाजल से धोकर पहनने की बात कहकर महिला को घर भेज दिया। घर पहुंचकर रुमाल में प्लास्टिक की चूड़ी देख महिला दंग रह गई। उसने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

खून में कमी बताकर रूमाल में रखवाए जेवर
प्रेमनगर के राजेन्द्र नगर निवासी लता महरोत्रा ने बताया कि वह प्रतिदिन बांके बिहारी मंदिर में पूजा करने के लिए जाती हैं। सोमवार शाम सात बजे वह पूजा करने के लिए जा रही थी। इस दौरान माटा जनरल स्टोर के पास एक व्यक्ति मिला। उसने महिला से कहा कि आप वैद्य जी को जानती हैं। महिला के मना करने पर उसने एक व्यक्ति की ओर इशारा कर बताया कि वह बैठे हैं, इन्होंने उनकी मां को ठीक किया है। आप भी दिखा लो। लता युवक की बातों में आ गई वह भरोसा करके वैद्य के पास गईं। वैद्य बनने का नाटक कर रहा व्यक्ति महिला से बोला कि आपके शरीर में खून की कमी है। अपने जेवर उतारो और एक रुमाल पर रख दो।

सोने की जगह प्लास्टिक की चूड़ी देख महिला के उड़े होश
लता ने बताया कि वैद्य के कहने पर उन्होंने अपने हाथों में पहनी चार सोने की चूड़ियां, सोने की चेन व अंगूठी उतारकर रुमाल पर रख दी। इसके बाद वैद्य ने कहा कि दो पत्थर उठा लो। उसके कहने पर महिला ने पत्थर उठा लिए। इसके बाद उसने दोनों हाथों में दोनों पत्थर व रुमाल देकर कहा कि घर जाकर गंगाजल से धोकर जेवर पहन लेना। लता ने बताया कि जब वह घर पहुंची तो देखा कि उसमें प्लास्टिक की चूड़ी व पत्थर धागे से बंधा निकला। धोखाधड़ी का एहसास होते ही महिला ने प्रेमनगर थाने में शिकायत की। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। जिसमें ठग कैद हो गए है। पुलिस ठगों की तलाश कर रही है।