मेयर उमेश गौतम का शपथ ग्रहण आज

बरेली नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर मेयर उमेश गौतम और पार्षदों की शपथ आज यानी 27 मई को बरेली क्लब में होगी। जहां महापौर को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और पार्षदों को एडीएम प्रशासन रितु पुनिया शपथ दिलाएंगी। जबकि सपा पार्षदों ने शपथ लेने से इंकार कर दिया है।सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी का कहना है कि नगर निगम की शपथ सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन इसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी समेत भाजपाइयों को ही बुलाया गया है। यह कार्यक्रम शपथ समारोह भाजपामय हो गया है। उन्होंने बताया कि शपथ में सपा के विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और संगठन के लोगों को नहीं बुलाया गया। इसलिए सपा पार्षद 27 मई को शपथ नहीं लेंगे।उन्होंने कहा कि शपथ से पहले सपा कार्यालय पर पार्षदों, और पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई गई है। इसके बाद ही सपा पार्षदों की शपथ पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। हालांकि, भाजपा के नव निर्वाचित महापौर उमेश गौतम ने शुक्रवार शाम सपा के विधायक और संगठन के लोगों को फोन कर बुलावा दिया। मगर, सपा पार्षद शपथ लेंगे, या नहीं। यह फैसला सपा की वाली बैठक में ही लिया जाएगा।56 हजार से दर्ज की जीत, भाजपा के 51 पार्षद बरेली नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ.उमेश गौतम ने 56325 वोट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने पूर्व मेयर डॉक्टर आईएस तोमर को लगातार दूसरी बार चुनाव हराया है। बरेली नगर निगम में 8.47 लाख मतदाता हैं। इन्होने एक मेयर, 80 पार्षद चुने थे। इसमें सबसे अधिक भाजपा के 51, सपा के 13, निर्दलीय 11,कांग्रेस के 6,आईएमसी के 2, एआईएमआईएम का 1 और 1 लोक दल का पार्षद जीता है। बरेली नगर निगम में एआईएमआईएम का पहली बार खाता खुला है।