लेनदेन के विवाद में सैलानी मार्केट में देर रात चलीं गोलियां एक घायल

बारादरी क्षेत्र के सैलानी मार्केट में देर रात दो पक्षों में रुपयों के लेनदेन में विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने साथियों के साथ मिलकर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बारादरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि बजरिया निवासी मो. बिलाल और फरहान खान का गुलाम नबी और सैद हुसैन से रुपयों के लेनदेन में रात करीब 12 बजे मेहंदी वाली गली में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आसपास मौजूद मार्केट के लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर किसी तरह बिलाल अपने दोस्त फरहान खान की दुकान पर चला आया। आधे घंटे के बाद गुलाम नबी और सैद हुसैन बजरिया निवासी अपने दोस्त समीर सैफी, अदीब वारसी औ साहिब सैफी के साथ उसके दुकान में आ धमके। दुकान पर पहुंचते ही दोनों पक्षों में गालीगलौज शुरू हो गया। विवाद बढ़ते ही गुलाम नबी और सैद हुसैन ने 312 बोर की तमंचे से फायर झोंक दिया। पांच राउंड की फायरिंग में बिलाल के बाएं हाथ में छर्रे लगे हैं। गनीमत रही कि गोली किसी अन्य को नहीं लगी। गोली चलने की आवाज पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।