विश्व क्षय रोग दिवस पर हुए विविध कार्यक्रम

गोंडा।जनपद में शुक्रवार को विश्व टीबी दिवस मनाया गया।सभी स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेन्द्रों पर तपेदिक यानि क्षय रोग के बारे में लोगों को जागरुक किया गया।इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता गोंडा सांसद कीर्ति वर्धन सिंह के प्रतिनिधि रमा शंकर मिश्र ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद प्रतिनिधि ने कहा,कि वर्ष 2025 तक जनपद सहित समूचे देश से क्षय रोग समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रश्मि वर्मा ने बताया,कि विश्व क्षय रोग दिवस मनाने का उद्देश्य ही यही है,कि लोगों को इस बीमारी के बारे में पूरी तरह जागरूक किया जाए और लक्षण वाले या संक्रमित व्यक्ति का तत्काल इलाज शुरू किया जाए।उन्होंने कहा,कि इस साल विश्व क्षय रोग दिवस की थीम है- ?हां! हम टीबी खत्म कर सकते हैं। यह थीम तभी सार्थक होगी, जब इस रोग की समाप्ति के लिए समाज का हर व्यक्ति सहयोग करे। अधिकाधिक लोग नि:क्षय मित्र के रूप में क्षय रोगियों को गोद लें, और उन्हें क्षय रोग से स्वस्थ बनाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि इसके मद्देनजर अब हर माह की 15 तारीख को एकीकृत नि:क्षय दिवस मनाया जा रहा है। इन दिवस पर तत्काल जांच और तत्काल इलाज शुरू करने की व्यवस्था है।इससे लोगों को काफी फायदा हो रहा है। महकमे का प्रयास जन-जन को टीबी के प्रति सचेत करना है और जिले से टीबी को भगाना है।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एपी सिंह ने संगोष्ठी में उपस्थिति लोगो के समक्ष टीबी बीमारी के लक्षण, बचाव व औषधियों के बारे में विस्तृत चर्चा की। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री की वर्ष 2025 तक टीबी के समूल उन्मूलन की प्रतिबद्धता को साकार करने एवं टीबी मुक्त जनपद बनाये जाने की शपथ दिलाई।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ जय गोविन्द ने कार्यक्रम की सम्पूर्ण रूपरेखा बताई। नि:क्षय पोषण योजना के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से आरम्भ हुई इस योजना के तहत विगत 05 वर्षों में लगभग 28000 टीबी मरीजों को कुल 4.5 करोड रुपये प्रत्यक्ष रूप से उनके बैंक खातों में इलाज के दौरान पौष्टिक आहार लेने के लिए दिया गया है। इस मौके पर 30 टीबी मरीजों को गोद दिया गया। इसमें सावन कृपाल रूहानी मिशन द्वारा 10 मरीज, डॉ जय गोविन्द, जिला क्षय रोग अधिकारी द्वारा 05 मरीज, डॉ एपी सिंह द्वारा 05 मरीज, समाज सेवी अंशू सिंह द्वारा 10 मरीज गोद लिये गए।

जिला कार्यक्रम समन्वयक विवेक सरन ने बताया कि विश्व क्षय रोग दिवस का कार्यक्रम तीन दिनों तक चलना है, इसके क्रम में 25 मार्च को ब्लॉक स्तर पर ग्राम प्रधानों की उपस्थिति में पोषण कार्यक्रम मनाया जाएगा, इसमें कुल 250 मरीजों को जनपद के विभिन्न-विभिन्न ब्लॉकों में गोद लिया जायेगा। मरीजों की यदि बात करें, तो जिले में वर्ष 2021 में 6211 टीबी के मरीज खोजे गए, जिसमें से 5888 मरीज ठीक हो गए।वर्ष 2022 में 7337 मरीज मिले, जिसमें 5049 मरीज ठीक हो चुके हैं | वर्ष 2023 में अब तक 1721 खोजे गए हैं। वर्तमान में 4203 टीबी मरीजों का उपचार चल रहा है।

संगोष्ठी में भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष संदीप पाण्डेय, कोषाध्यक्ष प्रदीप मिश्र, डीपीएम अमरनाथ, डीसीपी एम डॉ आरपी सिंह व रविकांत शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।