हड़ताल पर गए विद्युत कर्मी, उपभोक्ता परेशान

इटियाथोक,गोंडा। विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत निगम के अधिकारी और कर्मचारी बृहस्पतिवार रात 10 बजे से 72 घंटे की हड़ताल पर चले गए। जिसके चलते रविवार रात 10 बजे तक कोई फाल्ट होने पर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने हड़ताल के मद्देनजर विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के लिए कई विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। बता दें,कि पुरानी पेंशन बहाली, सभी विद्युत निगमों का एकीकरण, विद्युत कर्मियों को रियायती दर पर बिजली की सुविधा जारी रखने समेत अन्य मांग को लेकर विद्युत कर्मी कार्य बहिष्कार पर हैं। चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे।

इटियाथोक विद्युत उपकेंद्र पर कार्य बहिष्कार के कारण लोग बिल जमा नहीं करा सके। इसके अलावा अन्य कार्याें के लिए भी उन्हें भटकना पड़ा।दफ्तर में इटियाथोक कोतवाली पुलिस के जवान मौजूद रहे बाकी सन्नाटा पसरा रहा।

ग्रामीण लाइन पर ब्रेकडाउन

शुक्रवार दोपहर से ब्रेक चल रही है। लाइनमैन कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी।

विद्युत कर्मियों की हड़ताल से उपभोक्ता परेशान

विद्युत कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण शुक्रवार को इटियाथोक कस्बा स्थित उपकेंद्र पर ताला लटका रहा। पुलिस हस्तक्षेप के बाद ताला तो खुला, लेकिन उपकेंद्र पर बिल जमा करने और अन्य काम से आने वाले उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।