स्योहारा में सिख समाज ने निकाला भव्य और विशाल नगर कीर्तन, कई जगहों पर किया गया नगर कीर्तन का स्वागत, कीर्तन में दिखाये गये हैरतअंगेज कारनामे

सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर स्योहारा नगर में धूमधाम के साथ नगर कीर्तन निकाला गया। पंच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन का नगर में लगभग एक दर्जन स्थानों पर स्वागत किया गया। गतका दल में शामिल युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर सभी को रोमांचित कर दिया।

नगर कीर्तन का आरंभ लंगर के बाद पंजाबी धर्मशाला से किया गया। धर्मशाला से यह जुलूस गुरुद्वारा रोड, बड़ा बाजार, जुमेंराज का बाजार धामपुर रोड, मिल रोड, सोमवार का बाजार से होता हुआ निकाला गया। नगर कीर्तन को आगे बढ़ाने से पहले ही सिख श्रद्धालुओं द्वारा सड़क पर पानी से छिड़काव किया गया और झाड़ू लगाते हुए आगे बढ़ते हुए महिलाएं चल रही थी। साथ ही में पुष्पों की वर्षा भी की जा रही थी। नगर कीर्तन में फूलों से सजी वाहन पर गुरु ग्रंथ जी की सवारी आकर्षक का केंद्र बनी हुई थी जिस पर प्रसाद भी वितरित किया जा रहा था।

कीर्तन में शामिल गतका दल के युवक हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए चल रहे थे। नगर कीर्तन में अध्यक्ष गुरु सिंह सभा अवतार सिंह, अरविंदर सिंह काका, संरक्षक सरदार एच एस कालरा, खजांची सतनाम सिंह के निर्देशन में जुलूस निकाला गया। जुलूस को सफल बनाने में गुरु नानक महाविद्यालय के प्रबंधक सनी, सुरेंद्र कुमार अरोड़ा, सुरेंद्र सिंह खालसा, मनोज छाबड़ा, प्रितपाल सिंह आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस नगर कीर्तन में कांठ, मुरादाबाद, काशीपुर, ठाकुरद्वारा, अफजलगढ़, धामपुर, राजा का ताजपुर, नूरपुर आदि के सिख संगठनों ने भी हिस्सा लिया।

नगर कीर्तन का स्वागत उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा, सरदार अवतार सिंह, दिगंबर जैन समाज, डॉक्टर हरविंदर सिंह कालरा पूर्व विधायक नईम उल हसन, पूर्व कांग्रेस नगर अध्यक्ष चौधरी फ़हीम उर रहमान, सामाजिक संस्था स्योहारा यूथ वेलफेयर सोसाइटी ने अध्यक्ष तनवीर अहमद के नेतृत्व में किया गया। इसके अलावा कई जगहों पर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। जुलूस में समाजसेवी डॉक्टर मनोज कुमार वर्मा ने भी अपना सहयोग प्रदान किया।