कोहरे की चादर में लिपटा जनपद मैनपुरी।

मैनपुरी।

सर्द मौसम ने कोहरे की चादर ओढ़ी तो लोगों के लिए मुसीबत बन गया। जनपद में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई, वहीं कई लोग घायल हो गए। करीब 12 बजे तक वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा रहा, शाम होते ही कोहरा की चादर फिर से घनी हो गई।
सोमवार की सुबह घना कोहरा कई लोगों के लिए मुसीबत बन गया। बिछवां थाना क्षेत्र में कोहरा के चलते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं थाना बेवर क्षेत्र में कोहरे के बीच रोडवेज बस ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में भाई-बहिन घायल-
जिला फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र गांव घुरऊआ निवासी सौरभ दुबे सुबह बहन सोनम शुक्ला को डीएलएड की परीक्षा दिलाने के लिए शहर आ रहे थे। उनके साथ भाई गौरव दुबे भी था। कार जब थाना क्षेत्र में फर्रुखाबाद मार्ग स्थित पवन कोल्ड स्टोर के पास पहुंची। तभी सामने से आ रही इटावा डिपो की बस ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार भाई बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बेबर सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से गंभीर घायल सौरभ और सोनम को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।

हादसे में पिकअप चालक गंभीर घायल-
करहल क्षेत्र में मनौना पुलिया के पास सोमवार की सुबह कोहरा के बीच एक पिकअप को डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव नगला अतिराम निवासी घायल पिकअप चालक हृदेश सुबह गाड़ी लेकर कस्बा की ओर जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया।

डिवाइडर से टकराया टेंपो, तीन घायल-
वहीं सदर कोतवाली क्षेत्र में ईशन नदी पुल के पास तड़के एक टेंपो डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार मीना देवी, दुष्यंत कुमार निवासी भोजपुरा मार्ग व चालक हरप्रीत निवासी कांशीराम कॉलोनी घायल हो गए। सुबह करीब छह बजे औंछा रोड पर बाइक सवार चेतन निवासी कचहरी रोड कोहरा के चलते सड़क किनारे पेड़ से टकरा कर घायल हो गया।

सड़कों पर रेंगते दिखे वाहन-
कोहरा के कारण जीटी रोड, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, आगरा बाईपास रोड, करहल सैफई बाईपास आदि स्थानों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। घना कोहरा होने की वजह से इन मार्गों पर वाहन धीमी गति से होकर गुजरते नजर आए। वहीं सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस व रेस्क्यू टीमें भी गश्त करती रहीं। कई ग्रामीण क्षेत्र में तो दोपहर करीब 12 बजे तक कोहरा छाया रहा। दो पहिया व चार पहिया वाहन मार्ग से धीमी रफ्तार में गुजरते नजर आए। सोमवार की शाम होते होते एक बार फिर से कोहरे की चादर घनी होने लगी।

स्कूल और कार्यालय देरी से पहुंचे कर्मचारी-
कोहरे के चलते सोमवार को आम जनजीवन भी प्रभावित रहा। स्कूलों में छात्र-छात्राएं ठिठुरते हुए देरी से पहुंचे तो वहीं कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी भी देरी से पहुंचते दिखाई दिए। घने कोहरे के बीच बढ़े सर्दी के प्रकोप से लोगों को अलाव के पास भी घंटों तक बैठे देखा गया। जनमानस के साथ ही पशु पक्षियों को भी कोहरे में ठिठुुरते देखा गया।

संवाद- एम० दिलशाद ख़ान