पनकी इंडस्ट्रियल एरिया की दाल मिल मे टैंक फटने से एक मजदूर की मौत, दूसरे की हालत गम्भीर 

कानपुर 13 अक्टूबर (सिटी अपडेट न्यूज).पनकी इंडस्ट्रियल एरिया की एक दाल मिल मे टैंक फटने से एक मजदूर की मौत हो गई। वही दूसरा मजदूर गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही मौका पाकर फैक्ट्री मालिक ताला लगाकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पनकी इंडस्ट्रियल एरिया साइट नम्बर 3 मे बुंदेलखंड ऐग्रो नाम से दाल मिल है। गुरुवार सुबह मिल मे अचानक टैंक फट गया। जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर घायल हो गये। गंभीर रूप से घायल हमीरपुर के लालपुर कांदा गांव निवासी रिंकू यादव और बलवीर को हैलट में भर्ती कराया गया। जहां जांच के दौरान रिंकू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वही बलवीर की हालत गंभीर बनी हुई है उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद फैक्ट्री मालिक ताला लगाकर फरार हो गया। मृतक और घायलों के परिजनों ने फैक्ट्री के बाहर जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस जांच पड़ताल कर फैक्ट्री मालिक की तलाश में जुट गई है। एसीपी कल्याणपुर दिनेश शुक्ला ने बताया फैक्ट्री मालिक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।