कृषि को पर्यटन से जोड़ने को तैयार की जाय योजना: जिलाधिकारी

बहराइच - केन्द्र व राज्य सरकार किसानों की आय दुगनी करने के लिए गम्भीर है। कृषि को पर्यटन से जोड़ने के लिए जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चन्द्र द्वारा जिला उद्यान अधिकारी पारसनाथ तथा योजना प्रभारी श्री आर0के0 वर्मा को एक योजना तैयार करने के लिए अतिशीघ्र कृषकों का चयन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के मंशानुसार कृषकों की आय दुगनी करने के उद्देश्य से कृषि को पर्यटन से जोड़ने की योजना चलाई जायेगी। योजना में जनपद के प्रगतिशील कृषक जिनके द्वारा कृषि में नवीनतम् तकनीक जैसे-फल,शाकभाजी एवं मसाला,मत्स्य,मुर्गी पालन आदि का कार्य करते हैं। विदेशी पर्यटकों को लुभाने के उद्देश्य से कृषि में पारम्परिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लुप्त होती जा रही परम्पराओं को अपनाकर उसे अति आकर्षक बनाया जायेगा। जैसे-पारम्परिक भोजन, रहन-सहन एवं आवास आदि की व्यवस्था उसी क्षेत्र में कराई जायेगी। जिसमें देश-विदेश के पर्यटक आकर्षित हों।
आज-कल मनुष्य अपने पारम्परिक भोजन व रहन-सहन से विमुख होता जा रहा है, जिससे उन्हें तमाम प्रकार की बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। जनपद बहराइच पर्यटन के दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है। यहॉं पर पर्यटन विभाग द्वारा महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल का विकास कर एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। जनपद का अधिकांश भाग जंगलों से आच्छादित है। प्रतिवर्ष हजारो की संख्या में पर्यटक कतर्नियाघाट अभ्यारण्य में घूमने आते हैं। जनपद में बाघ,तेंदुआ,हाथी, मगरमच्छ आदि तमाम प्रकार के जंगली जीव का प्राकृतिक प्रवास करते हैं। कृषि को पर्यटन से जोड़ने के बाद उक्त पर्यटक प्राकृतिक प्रवास एवं भोजन आदि का लुफ्त उठा सकते हैं। जनपद में पर्यटकों की संख्या में गुणात्मक वृद्धि होेने के साथ-साथ कृषकों की आय में भी गुणात्मक वृद्धि होगी।
राजभवन में आयोेजित प्रादेशिक फल,पुष्प/शाकभाजी प्रदर्शनी में प्रदेश में बेर उत्पादन में सर्वाधिक अंक प्राप्त होने पर जनपद के ग्राम-जरवल, वि0ख0-जरवल के प्रगतिशील किसान गुलाम मोहम्मद के पुत्र मो0 समीर को श्री राज्यपाल महोदया द्वारा अपने कर कमलों से चल बैजन्ती पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया है। जिलाधिकारी डॉ चन्द्र व मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना द्वारा भी गुलाम मोहम्मद को सम्मानित कर उनके द्वारा औद्यानिक विकास एवं मुर्गी पालन,मत्स्य पालन में किये जा रहे नवीनतम् प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गयी है। डीएम व सीडीओ ने निर्देश दिया है कि जनपद के अन्य किसानों को भी प्रगतिशील किसान श्री गुलाम मोहम्मद के फार्म का भ्रमण कराया जाय जिससे अन्य कृषकों द्वारा भी नवीनतम् तकनीक अपनाया जा सके।