अज्ञात कारणों से लगी आग,लाखों का हुआ नुकसान,मवेशी झुलसे -

बहराइच - कैसरगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत स्थित अरई कला गांव में देर रात को अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई। अग्निकांड में पांच मवेशी झुलस कर घायल हो गए। अरई कला गांव निवासी राम अचल वर्मा शनिवार की रात खाना खाकर सो गए।
रात लगभग 11 बजे अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई। परिवार के लोगों ने भागकर जान बचाई। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े। सभी ने आग बुझाने का प्रयास किया। परिवार के लोग मकान से सामान निकलने लगे। अग्निकांड की चपेट में आकर दो गाय और तीन बकरी जल गईं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
इस हादसे में डेढ़ लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल ने गांव पहुंचकर क्षति का आंकलन किया है। उप जिलाधिकारी महेश कुमार कैथल ने बताया कि जल्द ही पीड़ित को मुआवजा दिया जाएगा।