समाजवादी पार्टी से बलहा प्रत्याशी अक्षयवरनाथ कनौजिया चुनाव कार्यालय का हुआ उद्घाटन -

- पूर्व में भाजपा सांसद रही सावित्री बाई फूले ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना -


बहराइच - मिहींपुरवा विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी घोषित होते ही चुनावी सरगर्मियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी से घोषित प्रत्याशी अक्षयवरनाथ कनौजिया ने मटिहा मोड़ पर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व सांसद सावित्री बाई फूले एवं वरिष्ठ अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री बंशीधर बौद्ध रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष विश्राम यादव ने की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व सांसद सावित्री बाई फूले ने अपने संबोधन में कहा कि आज भाजपा सरकार अन्यायी और झूठी साबित हो रही है। भाजपा सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया है। जनता को अब इनके झूठे वादों पर कोई भरोसा नहीं रह गया है।अब भाजपा के झूठ का जवाब आगामी विधासभा चुनाव में अपने वोट से जनता देगी।उन्होंने कहा कि पहले चरण के चुनाव में किसानों, नौजवानों,व्यापारियों, महिलाओं ने भाजपा का सफाया कर दिया है।उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा भाजपा सरकार उद्योगपतियों को फायदे के लिए तीन काले कृषि कानून लाई थी।लेकिन हमारे किसान भाइयों ने आंदोलन के जरिए भाजपा सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया।इस आंदोलन में लगभग 700 किसान भाई शहीद भी हो हुए।लेकिन जब देश और प्रदेश के दूसरे हिस्सों के किसान हमारे किसानों के समर्थन में उतर आए तो भाजपा डर गई। उसने तीन काले कृषि कानूनों को वापस ले लिया।लेकिन इनका भरोसा नहीं है।भाजपा लोकतंत्र और संविधान विरोधी पार्टी है।यह कभी भी कुछ भी कर सकती है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आंदोलन में शहीद किसानों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए देकर मदद करेंगे।शहीद किसानों की याद में स्मारक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र संविधान और हक बचाने का चुनाव है। भाजपा जिस तरह का काम कर रही है। उस हिसाब से आने वाले समय में संविधान ही न बदल दे।अब भाजपा की डबल इंजन की सरकार डबल भ्रष्टाचार कर रही है। भाजपा सरकार ने कहा था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा।लेकिन आज हर स्तर पर भ्रष्टाचार बढ़ गया है। सपा सरकार आने पर थाने और तहसीलों को भ्रष्टाचार से मुक्त करेंगे।प्रदेश की जनता को महंगाई,बेरोजगारी से राहत दिलाएंगे।आम जनता और किसानों को सस्ते दर पर बिजली दी जाएगी। उनके ऊपर से मुकदमे भी वापस कराए जाएंगे। समाजवादी सरकार आने पर 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देंगे और साथ में किसानों को सिंचाई के लिए बिजली पूरी तरह से फ्री होगी। गन्ना किसानों को गन्ने के भुगतान के लिए धरना नहीं देना पड़ेगा। सरकार की बजट से कार्पस फंड बनाएंगे और किसानों के गन्ने का 15 दिन के अंदर भुगतान करेंगे। किसानों को 2 बोरी डीएपी और 5 बोरी यूरिया भी दी जाएगी। हम नौजवानों को नौकरी के लिए भर्ती निकालेंगे। भाजपा सरकार सब कुछ बेच रही है। हवाई जहाज, बेच दिया,एयरपोर्ट बेच, दिया,पानी के जहाज बेच दिया,बंदरगाह बेच दिया, ट्रेनें बेच रही है, रेलवे स्टेशन बेच रहे हैं। अगर सब कुछ बिक जाएगा तो हमारे नौजवानों को हक और नौकरी कहां से मिलेगी। समाजवादी सरकार बनने पर कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करेंगे। कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस सिस्टम को मजबूत करेंगे। भाजपा ने डायल 100 का 112 करके पुलिस का कबाड़ा कर दिया। समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए योजना है। योजना बनाकर उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाएंगे। किसी के साथ अन्याय और अत्याचार नहीं होगा। सभी को उनका हक और सम्मान मिलेगा। समाजवादी पार्टी को बलहा विधानसभा समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर समाजवादी सरकार में पूर्व मंत्री बंसीधर बौद्ध,पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयंकर सिंह, विधानसभा अध्यक्ष विश्राम सिंह यादव,विधानसभा उपाध्यक्ष सतनाम सिंह, महासचिव डा ऐनुद्दीन, समाजवादी पार्टी के प्रदेश सलाहकार इसरार अहमद डंपी,श्रेयांश यशस्वी,कृष्ण कुमार यादव,मिथलेश यादव,शिवपाल सिंह यादव,पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय प्रताप सिंह, अमर नाथ यादव,मनोज गौतम,योगेश शुक्ला, सन्तोष यादव एवं सैकड़ो की संख्या में समर्थक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।