5 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस एवं बांके के साथ शिकारी गिरफ्तार -

बहराइच - मिहींपुरवा नवागत प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग बहराइच आकाशदीप बधावन के कुशल नेतृत्व में अवैध कटान व अवैध शिकार पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एक व्यक्ति को भारी मात्रा में शुकर के मांस के साथ गिरफ्तार करने में मोतीपुर वन टीम ने सफलता पाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर मोतीपुर वन टीम ने 19 जून 2021 को देर शाम अभियुक्त को मोतीपुर रेंज अंतर्गत बीट संख्या 32 (झाला) के बाघ संरक्षित क्षेत्र में अवैध शिकार के लिए प्रवेश कर संरक्षित वन्य जीव जंगली सूअर का शिकार कर मांस ले जाते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान सुरेश साहनी पुत्र चंद्रदेव निवासी सेमरहना के रुप में हुई। पकड़े गए अभियुक्त के पास से एक अदद बांका, 5 किलोग्राम जंगली सूअर का अधपका मांस बरामद किया गया है। गिरफ्तारी टीम में वन दरोगा तेज प्रताप नारायण सिंह,राजाराम,वनरक्षक मालिकराम वन्य जीव रक्षक परशुराम त्रिपाठी शामिल रहे।