40 वर्षों से काबिज भूमि की पैमाइश और कब्जा दिलाने की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा प्रार्थना पत्र

फतेहपुर। जमीन के विवाद को लेकर तहसील बिंदकी क्षेत्र के देवरी बुजुर्ग गांव निवासी अनन्तराम ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आराजी  गाटा संख्या 1432 की पैमाइश कराकर भूमि पर कब्जे की पुष्टि एवं न्याय दिलाए जाने की मांग की है।वही अनन्तराम पुत्र स्व. श्यामलाल ने बताया कि वह उक्त गाटा संख्या के सहखातेदार हैं। आरोप है कि पिछले करीब 40 वर्षों से चकबंदी के समय से ही वह संबंधित भूमि पर अस्थायी झोपड़ी बनाकर अपने मवेशियों को बांधते चले आ रहे हैं। राजस्व अभिलेखों में भी संबंधित भूमि के मालिकाना हक और कब्जे का विवरण दर्ज है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के ही हरीशंकर पुत्र स्व. प्रेम कुमार उर्फ चुन्नी आए दिन उक्त जमीन को अपनी बताकर विवाद करते हैं और उन्हें परेशान करते हैं, जबकि उनका संबंधित भूमि से कोई संबंध नहीं है। प्रार्थी के अनुसार राजस्व निरीक्षक और क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा कई बार भूमि की पैमाइश भी की जा चुकी है, इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ।अनन्तराम ने जिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व टीम गठित कर आराजी की दोबारा पैमाइश कराई जाए तथा अभिलेखों और मौके की स्थिति का सत्यापन कराते हुए उनके कब्जे की पुष्टि की जाए। साथ ही नियमानुसार भूमि पर कब्जा एवं दखल दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, जिससे उन्हें न्याय मिल सके।