चकिया- सर्किल में यहां ड्यूटी से घर जा रहे एक होमगार्ड जवान की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

चकिया सर्किल में यहां ड्यूटी से घर जा रहे एक होमगार्ड जवान की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

संवाददाता कार्तिकेय पांडेय

बबुरी- थाना क्षेत्र के परनपुरा गांव के समीप रविवार की देर रात सदर कोतवाली से ड्यूटी कर लौट रहे दो बाइक सवार होमगार्ड की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरे जवान की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना क्षेत्र के भभुआर गांव निवासी 45 वर्षीय ओमप्रकाश पाठक और पकड़ी गांव निवासी 46 वर्षीय बिहारी पाठक सदर कोतवाली में होमगार्ड की ड्यूटी करते हैं। प्रतिदिन की तरह रविवार की देर रात ड्यूटी के बाद दोनों होमगार्ड एक ही बाइक से घर आ रहे थे। इस बीच परनपुरा गांव के पास अज्ञात वाहन से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार दोनों होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मयवाहन चालक भाग निकला। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी विनोद यादव मयफोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल निजी साधन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान ओमप्रकाश पाठक की मौत हो गई। वहीं बिहारी पाठक को गंभीरावस्था में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।