चंदौली- जिस थाने की पुलिस ने किया गिरफ्तार,उसी थाने में पूर्व विधायक ने गणतंत्र दिवस पर किया ध्वजारोहण 

चंदौली- जिस थाने की पुलिस ने किया गिरफ्तार,उसी थाने में पूर्व विधायक ने गणतंत्र दिवस पर किया ध्वजारोहण

संवाददाता कार्तिकेय पांडेय

चंदौली- सपाइयों ने मंगलवार को पुलिस को खूब छकाया। हालांकि पुलिस ने एक तरह से ट्रैक्टर परेड को नाकाम कर दिया लेकिन कड़ाके की ठंड में पुलिस के पसीने छूट गए। तमाम कवायदों के बाद भी सपा नेता घरों से कार्यकर्ताओं के साथ निकले और प्रशासन से टकराते रहे। पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष बलिराम यादव की पुलिस के साथ नोंकझोक भी हुई।

सपा नेता और समाजसेवी अंजनी सिंह और पूर्व विधायक मनोज सिंह को भी पुलिस ने रोकना चाहा। नहीं मानने पर अंजनी सिंह, मनोज सिंह सहित एक दर्जन कार्यकर्ताओं को धीना पुलिस ने हिरासत में ले लिया और सभी को थाने लाया गया। लेकिन थाने में भी सपाइयों का आंदोलन जारी रहा। पूर्व विधायक मनोज सिंह ने थाने में झंडारोहण किया तो अंजनी सिंह सरकार के खिलाफ भड़ास निकालने से नहीं चूके। कहा योगी सरकार की तानाशाही अब अधिक दिन तक चलने वाली नहीं है। देश का किसान, गरीब और नौजवान जाग गया है। सरकार को सत्ता से उखाड़ फेकने को तैयार है। कहा सरकार सपा कार्यकर्ताओं से इतना डर गई है कि सपा कार्यकर्ताओं के घरों के बाहर चाौबीस घंटे पहरा लगा दिया गया है। लेकिन सरकार पुलिस के दम पर सपाइयों की आवाज को दबा नहीं सकती है।