देवरिया के जिला पंचायत अध्यक्ष राम प्रवेश यादव की 16 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

देवरिया के जिला पंचायत अध्यक्ष राम प्रवेश यादव की 16 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

उत्तर प्रदेश में देवरिया के जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव की 16 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क होगी। इसमें उनके करीब एक दर्जन प्लाट, मकान, ईंट भट्ठा, अंडा फार्म के अलावा आधा दर्जन गाड़ियां हैं। अध्यक्ष पर गुरुवार को पुलिस-प्रशासन का शिकंजा और कसा। जिला मजिस्ट्रेट अमित किशोर ने जिला पंचायत अध्यक्ष की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दे दिया। एक से दो दिनों के अंदर इस कार्रवाई को देवरिया पुलिस पूरी कर लेगी।जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव पर वर्ष 2018 में दीपक मणि का अपहरण कर जमीन बैनामा कराने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। पुलिस ने गैंगस्टर के रुप में अर्जित संपत्ति को कुर्क करने लिए जिला मजिस्ट्रेट अमित किशोर के यहां अपनी रिपोर्ट सौंपी। उसी क्रम में अब जिला मजिस्ट्रेट ने संपत्ति कुर्क करने का निर्देश दे दिया है। अध्यक्ष की उनके पैतृक गांव समेत कई जगहों की संपत्ति कुर्क होगी। पिछले दिनों राजस्व विभाग की टीम ने इन संपत्तियों का निरीक्षण कर ब्योरा एकत्र किया था। मिली जानकारी के अनुसार अध्यक्ष का एक दर्जन से अधिक प्लाट, ईंट भट्ठा, मकान, अंडा फार्म के साथ ही उनकी लग्जरी करीब आधा दर्जन गाडियां कुर्क की जाएंगी। चिन्हित की गई इन संपत्तियों की कीमत करी 16 करोड़ रुपये बताई जा रही है।देवरिया खास निवासी दीपक मणि का 20 मार्च 2018 को सलेमपुर रेलवे स्टेशन से अपहरण कर 17 अप्रैल 2018 को दस करोड़ की जमीन बैनामा करा लिया गया। दो मई को तत्कालीन एसपी रोहन पी कनय ने दीपक मणि को मुक्त कराने के साथ ही चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि मुख्य आरोपित जिला पंचायत अध्यक्ष राम प्रवेश यादव की गिरफ्तारी बाद में नेपाल बार्डर से की गई थी। इस मामले में ही गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इसके बाद अध्यक्ष का पावर सीज कर दिया गया। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद अध्यक्ष ने कोर्ट की शरण ली लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली।


गैगस्टरों पर लगातार कस रहा है पुलिस का शिकंजा
जिले के गैंगस्टरों पर कार्रवाई तेज हो गई है। कुछ माह पहले रामपुर कारखाना के चार लोगों की संपत्ति कुर्क की गई थी। करीब पखवारे भर पहले शातिर बदमाश तार बाबू व उसके भाई की करीब आठ करोड़ की संपत्ति पुलिस ने कुर्क की। अब जिले में पहली बार ऐसा हो रहा है कि किसी राजनीति व्यक्ति की संपत्ति कुर्क की जा रही है।
इस संबंध में जिले के एस पी डॉ श्रीपति मिश्रा ने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट से रामप्रवेश यादव की संपत्ति कुर्क करने का आदेश मिल गया है। एक से दो दिनों के अंदर संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर संपत्तियों को चिन्हित कर लिया है।