24 घंटे बाद सकुशल घर लौटा 15 वर्षीय सचिन, परिजनों और पुलिस ने ली राहत की सांस

आलापुर, अंबेडकर नगर। थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के ग्राम चांडीपुर कला से लापता हुआ 15 वर्षीय किशोर सचिन करीब 24 घंटे बाद सकुशल अपने घर लौट आया। उसके वापस मिलने से परिजनों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी हरिश्चन्द्र का 15 वर्षीय पुत्र सचिन बीते दिन सुबह करीब 5 बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर शौच के लिए निकला था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस टीम भी किशोर की तलाश में जुट गई।

बताया गया कि सचिन की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं है। परिजनों के मुताबिक, इसी कारण वह रास्ता भटक गया और पूरी रात इधर-उधर घूमता रहा।

आज सुबह करीब 6 बजे सचिन उसी स्थान पर वापस पहुंचा, जहां से वह शौच के लिए निकला था। ग्रामीणों ने उसे वहां घूमते हुए देखा। बताया जा रहा है कि सचिन शौच के लिए साथ ले जाए गए पानी के बर्तन को उसी स्थान पर ढूंढ़ रहा था। ग्रामीणों ने उसे पहचानकर सुरक्षित घर पहुंचाया।

करीब 24 घंटे बाद बेटे को सकुशल देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने बताया कि सचिन की बेहतर देखरेख और स्वास्थ्य सुधार के लिए अब उसका इलाज किसी अच्छे अस्पताल में कराया जाएगा।