चंदौली-चकिया सर्किल के इस गाँव में धान के खेत मे मिला अधेङ का शव,परिजनों में मचा कोहराम, लगाया हत्या का आरोप

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया/बबुरी थाना क्षेत्र के बौरी गांव के सीवान में सोमवार की सुबह किसान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। 55 वर्षीय श्यामलाल विश्वकर्मा रात को अपनी धान की फसल की सिंचाई के लिए निकले थे। देर रात तक नहीं लौटे तो उनके पुत्रों ने खेत पर पहुंचकर आस-पास खोजबीन की और मायूस होकर वापस लौट आए। सुबह एकदम तड़के गांव के ही किसी व्यक्ति ने बताया कि किसी दूसरे के खेत में उनका शव पड़ा है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घरवालों ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के बड़े बेटे संदीप ने आरोप लगाते हुए कहा कि खेत में पानी भरने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। पिता जी की मोबाइल, टार्च और फावड़ा भी गायब है। जिससे विवाद था उसके साथ हाथापाई भी हुई है। जहां झगड़ा हुआ है वहां फसल क्षतिग्रस्त हो गई है। खुद बचने के लिए आरोपितों ने शव को दूसरे के खेत में फेंक दिया है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।