नगरी क्षेत्र के जंगल में अवैध शिकार कर जंगल में ही मांस पका कर खा रहे हैं शिकारी 

नगरी क्षेत्र के जंगल में अवैध शिकार कर जंगल में ही मांस पका कर खा रहे हैं शिकारी

नगरी अशोक संचेती

वन विभाग जंगल के साथ-साथ वन्यप्राणीयोँ के सरंक्षण के बड़े बड़े दावे करती है किंतु आज भी शिकारी जंगल के भीतर बड़े आराम से जाकर इन बहुमूल्य वन्य प्राणियों का शिकार भी कर रहे हैं और जंगल मे ही शिकार के बाद बड़े आराम से दावत भी उड़ा रहे हैं। लकड़ी ले जाने वाले बड़े आराम से लकड़ी ले जा रहे हैं वही घूमने के नाम से जंगल के अंदर जाने पर नजारा दिखा जो बड़ा चौंकाने वाला था
नगरी नगर से चारगांव मार्ग पर जंगल के अंदर की ओर साईं सील नामक स्थान के आस पास व इसी क्षेत्र के अन्य जगहों पर शिकारियों द्वारा जंगली जानवरों के शिकार कर वहीं पर मांस को पकाने के अवशेष दिखाई देते हैं।एक स्थान पर वन्य प्राणी के जले हुए हड्डियां मांस के टुकड़े व खून के छीटें दिखाई दे रहे थे पास जाने पर किसी वन्य प्राणी के कुछ अवशेष व चूल्हा जला कर मांस पकाने के प्रमाण नजर आते हैं।जली हुई हड्डियां व मांस के टुकड़े अभी भी उस स्थान पर पड़े हुए हैं व कई लोगो के उपस्थिति के निशान भी नजर आते हैं।
ज्ञात हो कि इस वन क्षेत्र में बड़ी मात्रा में हिरन व चीतल पाए जाते हैं और शिकारी इस क्षेत्र में बड़े आराम से इन बेजुबान जानवरो का शिकार कर लेते हैं।गत वर्ष भी इसी क्षेत्र में शिकार किये जाने के कई प्रमाण मिले थे जिसे वन विभाग को अवगत कराया गया था समाचार पत्रों में समाचार प्रकाशित हुए थे मगर विभाग द्वारा मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था,जिससे शिकारियों का हौसले बढ़े हुए नजर आ रहे हैं।
इस संबंध में रेंजर परमार से चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि जंगल मे विभाग द्वारा लगातार गश्त किया जा रहा है।वन्य प्राणियों के शिकार का मामला यदि सत्य है तो जांच कर दोषियों को पकड़ने की कार्यवाही की जावेगी व ठोस कार्यवाही की जावेगी।