14 साल बाद इतिहास रचने की ओर मां वैष्णो देवी की यात्रा, 1 करोड़ के पार पहुंचेगी श्रद्धालुओं की संख्या

14 साल बाद इतिहास रचने की ओर मां वैष्णो देवी की यात्रा, 1 करोड़ के पार पहुंचेगी श्रद्धालुओं की संख्या

87.20 लाख श्रद्धालु अब तक कर चुके हैं मां के दिव्य दर्शन, वर्ष के शेष 43 दिनों में टूट सकता है पुराना रिकॉर्ड

कटड़ा।मां वैष्णो देवी के प्रति देशभर के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का अद्भुत नजारा वर्ष 2026 में देखने को मिल रहा है। मां के दरबार में दर्शन करने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए कीर्तिमान की ओर बढ़ रही है। इस वर्ष अब तक 87.20 लाख श्रद्धालु मां के चरणों में शीश नवा चुके हैं। वर्ष समाप्त होने में अभी 43 दिन शेष हैं। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि इस वर्ष माता वैष्णो देवी की यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ के ऐतिहासिक पड़ाव को पार कर जाएगा।

करीब 14 वर्षों बाद मां के भक्तों की संख्या एक करोड़ के आंकड़े को पार करने की दहलीज पर पहुंची है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से श्राइन बोर्ड प्रशासन, स्थानीय कारोबारियों और कटड़ा के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अनुकूल मौसम, बेहतर यात्रा प्रबंधन और श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं के चलते देश के कोने-कोने से भक्त लगातार आधार शिविर कटड़ा पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी खिली धूप के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। माता के जयकारों के साथ भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर रहे थे।

14 साल बाद फिर इतिहास रचने की तैयारी

मां वैष्णो देवी की यात्रा के इतिहास पर नजर डालें तो वर्ष 2011 में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ एक लाख के पार पहुंची थी। इसके बाद वर्ष 2012 में करीब एक करोड़ चार लाख श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई थी। इन वर्षों के बाद यात्रा का आंकड़ा दोबारा एक करोड़ के पार नहीं पहुंच सका। अब वर्ष 2026 में 87.20 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन करने के साथ एक बार फिर इतिहास दोहराने की प्रबल संभावना बन गई है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की इसी तरह आवाजाही जारी रही तो 1 करोड़ का आंकड़ा पार होना बड़ी उपलब्धि साबित होगा।

श्रद्धालुओं की रौनक से गुलजार हुआ कटड़ा, कारोबार को मिल रहा बढ़ावा

मां के भक्तों की बढ़ती संख्या का सकारात्मक असर आधार शिविर कटड़ा के बाजारों और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। श्रद्धालु दर्शन के बाद बाजारों में प्रसाद, माता की चुनरी, धार्मिक वस्तुओं और स्मृति चिह्नों की खरीदारी कर रहे हैं। होटल, धर्मशालाओं, भोजनालयों, घोड़ा-पालकी संचालकों और अन्य स्थानीय कारोबार से जुड़े लोगों को भी इसका लाभ मिल रहा है। श्रद्धालुओं की चहल-पहल से कटड़ा में रौनक बनी हुई है और व्यापारियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दे रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम

मां के दरबार पहुंचने वाले भक्तों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल लगातार सक्रिय हैं। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे केबल कार के साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। श्रद्धालु अपनी सुविधा और सामर्थ्य के अनुसार इन सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।

भैरवनाथ के दर्शन कर पूरी कर रहे यात्रा

मां वैष्णो देवी के भवन में दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दरबार में भी शीश नवा रहे हैं। रोपवे केबल कार सहित अन्य उपलब्ध साधनों से श्रद्धालुओं को भैरव घाटी पहुंचने की सुविधा मिल रही है। बुधवार को भी 17 हजार से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि 17 नवंबर को कुल 25,200 श्रद्धालुओं ने मां के दिव्य दर्शन किए थे।

मां वैष्णो देवी के प्रति बढ़ती आस्था, श्रद्धालुओं का उत्साह और लगातार बढ़ती यात्रा संख्या ने वर्ष 2026 को ऐतिहासिक बनाने की उम्मीद जगा दी है। अब सभी की निगाहें उस ऐतिहासिक पल पर टिकी हैं, जब मां के भक्तों की संख्या एक करोड़ का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।