Chandauli News:पूर्वजों की स्मृति को शिक्षा के मंदिर से जोड़ गौरव श्रीवास्तव ने पेश की मिसाल निजी खर्च से सरस्वती शिशु मंदिर में बनवा रहे चार लाख की लागत से कक्ष और बरामदा, विधायक कैलाश खरवार व गुरु काà¤

 

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय 


चकिया। समाज में जनप्रतिनिधियों की पहचान केवल पद और जिम्मेदारियों से नहीं, बल्कि उनके सामाजिक सरोकारों और जनहित में किए गए कार्यों से भी होती है। इसी सोच को धरातल पर उतारते हुए नगर पंचायत चकिया के अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय पहल की है। उन्होंने नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार घटमापुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में अपने निजी खर्च से करीब चार लाख रुपये की लागत से एक कक्ष और बरामदे का निर्माण कराने की जिम्मेदारी उठाई है। अपने दिवंगत पूर्वजों एवं परिजनों की स्मृति को शिक्षा के मंदिर से जोड़ने की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

निर्माण कार्य का रविवार को नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक जानकारी ली। निजी धनराशि से विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कराने का उनका यह प्रयास समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा देने वाला है।
नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि विधायक कैलाश खरवार एवं गुरु कांता सिंह एडवोकेट की प्रेरणा से उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी ओर से योगदान देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि दिवंगत पूर्वजों और परिजनों की स्मृति में विद्यालय को कक्ष एवं बरामदा समर्पित करना उनके लिए आत्मिक संतोष का विषय है। शिक्षा से बड़ा कोई दान नहीं है। विद्यालय में बनने वाला यह कक्ष आने वाली पीढ़ियों के ज्ञानार्जन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक बनेगा।

उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी शिक्षा के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। विद्यालयों में जरूरी सुविधाओं का विस्तार केवल सरकारी प्रयासों से ही नहीं, बल्कि समाज के सामूहिक सहयोग से भी संभव है।
वहीं सभासद बादल सोनकर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा एवं जनहित से जुड़े कार्यों में आगे आना चाहिए। किसी व्यक्ति की स्मृति में विद्यालय को सुविधा उपलब्ध कराना ऐसा पुनीत कार्य है, जिसका लाभ लंबे समय तक विद्यार्थियों को मिलता रहेगा।
गौरव श्रीवास्तव की यह पहल इस संदेश को मजबूत करती है कि पूर्वजों की सच्ची स्मृति केवल स्मारकों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को संवारने वाले कार्यों के माध्यम से भी जीवित रखी जा सकती है। शिक्षा के मंदिर में किया गया यह योगदान निश्चित रूप से क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता की एक अच्छी मिसाल बन सकता है।