उत्तर मध्य रेलवे ऑफिसर्स स्पोर्ट्स एवं कल्चरल मीट संपन्न, मुख्यालय ने खेल और सांस्कृतिक दोनों शील्ड पर जमाया कब्जा

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे की ओर से अधिकारियों के बीच खेल भावना, सांस्कृतिक प्रतिभा, आपसी सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय उत्तर मध्य रेलवे ऑफिसर्स स्पोर्ट्स एवं कल्चरल मीट 2026 का समापन हो गया। 27 और 28 नवंबर को रेलगांव स्थित स्पोर्ट्स परिसर एवं भारतीय रेल रेलपथ मशीन प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज के नवप्रभा सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में मुख्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल और सांस्कृतिक दोनों की ओवरऑल शील्ड अपने नाम की।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता और उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा हिमा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। महाप्रबंधक और अध्यक्षा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में मुख्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान के 16, द्वितीय स्थान के 7 और तृतीय स्थान के 4 पुरस्कारों सहित कुल 27 स्थान हासिल कर सांस्कृतिक शील्ड पर कब्जा किया। प्रयागराज मंडल 11 स्थानों के साथ दूसरे, आगरा मंडल 8 स्थानों के साथ तीसरे और झांसी मंडल 7 स्थानों के साथ चौथे स्थान पर रहा।

खेल प्रतियोगिताओं में भी मुख्यालय का दबदबा कायम रहा। मुख्यालय की टीम ने 27 स्वर्ण, 19 रजत और 13 कांस्य पदक सहित कुल 59 पदक हासिल कर 218 अंकों के साथ खेल शील्ड जीती। झांसी मंडल 44 पदक और 131 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। प्रयागराज मंडल ने 28 पदकों के साथ 94 अंक और आगरा मंडल ने 20 पदकों के साथ 76 अंक अर्जित किए।

दो दिवसीय आयोजन में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, लॉन टेनिस, कैरम, क्रिकेट, बॉक्स क्रिकेट, रस्साकशी, 3 किलोमीटर क्रॉस कंट्री, 100 मीटर दौड़, 4*100 मीटर रिले रेस, सैक रेस और स्पून रेस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एकल एवं समूह गायन, नृत्य, वाद्य संगीत, नाटिका, पेंटिंग, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।

क्रिकेट प्रतियोगिता में मुख्यालय ने स्वर्ण और आगरा मंडल ने रजत पदक प्राप्त किया। बॉक्स क्रिकेट पुरुष वर्ग में झांसी मंडल ने स्वर्ण और मुख्यालय ने रजत पदक जीता, जबकि महिला वर्ग में मुख्यालय ने स्वर्ण और आगरा मंडल ने रजत पदक हासिल किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन अधिकारियों को आपस में मिलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता केवल खेल और संस्कृति का मंच नहीं, बल्कि उत्तर मध्य रेलवे परिवार के अधिकारियों के बीच एकता, सहयोग और सौहार्द की भावना मजबूत करने का माध्यम भी है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने महाप्रबंधक का पौधा भेंट कर स्वागत किया। महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा हिमा सिंह का स्वागत श्रीमती राखी द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम का संचालन अनम सिद्दीकी, आफाक अहमद और डॉ. अमित मालवीय ने किया।