हरदोई में मूर्ति स्थापना के चंदे को लेकर खूनी संघर्ष, फावड़े से हमला कर एक की हत्या, दूसरा गंभीर घायल

हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के करणपुर मतनी गांव में मूर्ति स्थापना के लिए चंदा मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने दो ग्रामीणों पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 28 नवंबर को गांव में मूर्ति स्थापना के लिए चंदा एकत्र किया जा रहा था। इसी दौरान चंदा मांगने को लेकर छत्रपाल पुत्र विश्राम का जयपाल पुत्र राजाराम और रतिराम पुत्र भोला से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि छत्रपाल ने दोनों पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में जयपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रतिराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी छत्रपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घायल रतिराम को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतक जयपाल के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह ने बताया कि मूर्ति स्थापना के लिए चंदा मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसमें छत्रपाल ने फावड़े से जयपाल और रतिराम पर हमला किया, जिससे जयपाल की मौत हो गई और रतिराम घायल हो गया। आरोपी हिरासत में है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।