हरदोई के बिलग्राम में 802वां उर्स-ए-फ़ातेह अकीदत के साथ सम्पन्न, उलेमाओं ने बेटियों की तालीम पर दिया जोर, दीन और वतन से मोहब्बत का भी पैगाम दिया

हरदोई। बिलग्राम नगर के मोहल्ला मैदानपुरा स्थित बड़ी सरकार में मंगलवार और बुधवार को 802वां उर्स-ए-फ़ातेह बिलग्राम अकीदत और एहतराम के साथ सम्पन्न हुआ। इस दौरान आयोजित वास्ती कॉन्फ्रेंस में उलमा-ए-किराम ने दीन, तालीम, भाईचारे और वतन से मोहब्बत का पैगाम दिया। उर्स का आगाज तिलावत-ए-कुरआन पाक से हुआ। इसकी सरपरस्ती मखदूम-ए-मिल्लत पीर बरहक सरकार हजरत सैय्यद उवैस मुस्तफा वास्ती ने की, जबकि निगरानी सैय्यद बादशाह वास्ती और सैय्यद सालार मियां वास्ती ने की।
पहले दिन मंगलवार को फज्र की नमाज के बाद कुरआनख्वानी हुई। मगरिब की नमाज के बाद हजरत कादरी दादा मियां रहमतुल्लाह अलैह का कुल शरीफ हुआ। इशा से फज्र तक चली वास्ती कॉन्फ्रेंस में शोरा-ए-किराम ने नात और मनकबत पेश की। बुधवार को फज्र के बाद कुरआनख्वानी और हजरत ख्वाजा इमादुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह का कुल शरीफ हुआ। सुबह आठ बजे से कॉन्फ्रेंस शुरू हुई और दोपहर में फ़ातेह बिलग्राम का कुल शरीफ अदा किया गया।
सलातो-सलाम के बाद हजरत सैय्यद उवैस मुस्तफा वास्ती ने अपने खिताब में कहा कि बेटियों को मोबाइल के बजाय किताबें दें और उनकी बेहतर तालीम का इंतजाम करें। गरीबों और यतीमों की मदद को भी अपनी जिम्मेदारी समझें। उन्होंने देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ कराई। इसके बाद लंगर तकसीम किया गया।
उर्स में सैय्यद फैजान मियां वास्ती, मौलाना अनस मियां वास्ती, सैय्यद अली हुसैन, सैय्यद मुर्तजा मियां वास्ती, कमेटी अध्यक्ष वाजिद हुसैन, राजू खान, शजर हुसैन सहित विभिन्न अंजुमनों के सदस्य और बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा।