Chandauli News:मां-बेटी का अनोखा कृष्ण प्रेम बना आकर्षण का केंद्र, हर पल साथ रहते हैं लड्डू गोपाल डेढ़ साल से पुत्र की तरह लड्डू गोपाल की सेवा कर रहीं नीतू यादव, बेटी अर्पिता भी मां के साथ कृष्ण भक्ति मेï¿

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय 

मो० नं०7068472008

चकिया। भगवान के प्रति श्रद्धा और भक्ति के कई रूप देखने को मिलते हैं, लेकिन जब भक्ति में ममता का भाव जुड़ जाता है तो वह लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाती है। कुछ ऐसा ही अनूठा नजारा चंदौली जनपद में देखने को मिला, जहां मां और बेटी का भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट प्रेम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। मुगलसराय क्षेत्र के रेवसां गांव निवासी नीतू यादव और उनकी बेटी अर्पिता यादव लड्डू गोपाल को अपने परिवार के सदस्य ही नहीं, बल्कि पुत्र के समान मानती हैं। दोनों का कृष्ण प्रेम इन दिनों लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

नीतू यादव पिछले करीब डेढ़ साल से पीतल की बनी लड्डू गोपाल की प्रतिमा को अपने साथ रखती हैं। उनकी दिनचर्या में लड्डू गोपाल की सेवा का विशेष स्थान है। वह जहां भी जाती हैं, लड्डू गोपाल को अपने साथ लेकर चलती हैं। उनकी देखभाल भी बिल्कुल छोटे बच्चे की तरह करती हैं। वहीं बेटी अर्पिता यादव भी मां के इस भक्ति भाव में पूरी तरह सहभागी बनी हुई हैं। मां के साथ वह भी लड्डू गोपाल की सेवा और देखभाल में अपना समय देती हैं।

हाल ही में मां काली मंदिर परिसर में पहुंचीं नीतू यादव और उनकी पुत्री अर्पिता का यह अनोखा अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। हाथों में लड्डू गोपाल को लेकर चलती मां-बेटी को देखकर वहां मौजूद लोग भी उनके कृष्ण प्रेम की चर्चा करते नजर आए। लोगों के लिए यह दृश्य केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि मां-बेटी के भावनात्मक जुड़ाव और समर्पण का भी उदाहरण बना।

नीतू यादव ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उनके मन में लड्डू गोपाल के प्रति विशेष लगाव और मातृत्व का भाव जागा। इसके बाद से ही उन्होंने उन्हें अपने पुत्र के समान मानकर सेवा करना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे यह उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया। वह लड्डू गोपाल को कभी खुद से अलग नहीं रखतीं। बेटी अर्पिता भी इस भक्ति में मां का पूरा साथ देती हैं।

मां-बेटी का कहना है कि लड्डू गोपाल उनके परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके साथ रहने से मन को शांति और आत्मिक संतोष मिलता है। उनकी यह अनूठी श्रद्धा लोगों को भी भक्ति, वात्सल्य और समर्पण का संदेश दे रही है।