महापरिनिर्वाण दिवस पर मध्य रेल चलाएगा 15 अनारक्षित विशेष ट्रेनें, नागपुर, मुंबई सहित कई शहरों के यात्रियों को मिलेगी राहत

मुंबई। भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मुंबई पहुंचने वाले अनुयायियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल ने विशेष तैयारी की है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मध्य रेल द्वारा 4 दिसंबर से 8 दिसंबर 2026 तक कुल 15 अनारक्षित विशेष ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन नागपुर, मुंबई, कलबुरगि, अमरावती और कोल्हापुर सहित विभिन्न शहरों के बीच किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन का उद्देश्य महापरिनिर्वाण दिवस पर मुंबई पहुंचने वाले अनुयायियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना और नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ को कम करना है।

नागपुर-सीएसएमटी के बीच 8 विशेष ट्रेन सेवाएं

नागपुर और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के बीच कुल 8 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। नागपुर से 4 दिसंबर को ट्रेन संख्या 01260 शाम 6:10 बजे और ट्रेन संख्या 01262 रात 11:55 बजे रवाना होगी। वहीं 5 दिसंबर को ट्रेन संख्या 01264 सुबह 7:40 बजे और ट्रेन संख्या 01266 शाम 6:10 बजे प्रस्थान करेगी।

वापसी दिशा में सीएसएमटी से नागपुर के लिए 6 दिसंबर को ट्रेन संख्या 01249 रात 8:25 बजे, 7 दिसंबर को ट्रेन संख्या 01251 सुबह 10:30 बजे और ट्रेन संख्या 01255 दोपहर 12:35 बजे रवाना होगी। इसके अलावा 8 दिसंबर को ट्रेन संख्या 01257 रात 12:25 बजे प्रस्थान करेगी।

दादर-नागपुर के बीच भी चलेगी विशेष ट्रेन

अनुयायियों की सुविधा के लिए दादर से नागपुर के बीच भी एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 01253 दिनांक 7 दिसंबर को दादर से रात 12:40 बजे रवाना होकर उसी दिन शाम 4:10 बजे नागपुर पहुंचेगी।

इन ट्रेनों का ठहराव अजनी, सेवाग्राम, वर्धा, पुलगांव, धामनगांव, बडनेरा, मूर्तिजापुर, अकोला, जलंब, नांदुरा, मलकापुर, भुसावल, जलगांव, चालीसगांव, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कसारा, कल्याण और दादर सहित निर्धारित स्टेशनों पर होगा।

कलबुरगि, अमरावती और कोल्हापुर के लिए भी विशेष व्यवस्था

मध्य रेल ने अन्य प्रमुख शहरों से मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष ट्रेन सेवाओं की घोषणा की है।

कलबुरगि-सीएसएमटी के बीच ट्रेन संख्या 01245 दिनांक 5 दिसंबर को शाम 6:30 बजे कलबुरगि से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:20 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01246 दिनांक 7 दिसंबर को रात 12:25 बजे सीएसएमटी से रवाना होकर उसी दिन सुबह 11:10 बजे कलबुरगि पहुंचेगी।

अमरावती-सीएसएमटी के बीच ट्रेन संख्या 01218 दिनांक 5 दिसंबर को शाम 5:45 बजे अमरावती से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:25 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01217 दिनांक 7 दिसंबर को रात 12:40 बजे सीएसएमटी से रवाना होकर दोपहर 12:50 बजे अमरावती पहुंचेगी।

वहीं कोल्हापुर-सीएसएमटी के बीच ट्रेन संख्या 01402 दिनांक 5 दिसंबर को शाम 4:40 बजे कोल्हापुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01401 दिनांक 6 दिसंबर को रात 10:30 बजे सीएसएमटी से रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे कोल्हापुर पहुंचेगी।

स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बों की रहेगी व्यवस्था

रेलवे प्रशासन के अनुसार नागपुर-मुंबई और दादर-नागपुर विशेष ट्रेनों में कुल 18 आईसीएफ कोच होंगे। इनमें 16 शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी और चेयर कार के डिब्बे तथा 2 द्वितीय श्रेणी सीटिंग सह गार्ड ब्रेक वैन शामिल होंगे।

कलबुरगि-सीएसएमटी विशेष ट्रेनों में कुल 24 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। वहीं अमरावती-सीएसएमटी और कोल्हापुर-सीएसएमटी विशेष ट्रेनों में कुल 18 आईसीएफ कोच की व्यवस्था रहेगी।

यूटीएस से करा सकेंगे टिकट बुकिंग

इन विशेष ट्रेनों के अनारक्षित डिब्बों में यात्रा करने के लिए सामान्य शुल्क पर यूटीएस के माध्यम से टिकट बुक किए जा सकेंगे। यात्रियों को ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की जानकारी के लिए रेलवे की वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in या एनटीईएस ऐप का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला ने बताया कि महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर यात्रियों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं। 15 विशेष ट्रेन सेवाओं के संचालन से डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने मुंबई पहुंचने वाले अनुयायियों को यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी।