खाद्य जांच में लाल चटनी का रंग मानक के विप रीत मिला

गांधी नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग का जांच अभियान, 15 नमूनों में एक मानक के अनुरूप नहीं मिला

मुरादाबाद। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर को गांधी नगर में जागरूकता एवं जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृपा शंकर के नेतृत्व में 15 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिसमें लाल चटनी में इस्तेमाल किया गया रंग मानक के अनुरूप नहीं पाया गया।

अभियान के दौरान 30 खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही एक जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अधिकारियों ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों का प्रयोग न करने और केवल एफएसएसएआई लाइसेंसयुक्त सामग्री का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा किचन में साफ-सफाई रखने, हेड कैप, मास्क, एप्रन और दस्ताने पहनने तथा कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए गए। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से निर्धारित मानकों का पालन कर लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की।