औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया सुरक्षा का प्रशिक्षण

मुरादाबाद। औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आगजनी की घटनाओं को रोकने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग लगातार सक्रिय है। जिलाधिकारी अनुनय झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेष निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश शर्मा ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रतिष्ठानों के स्वामी एवं प्रबंधकों को निर्देश दिए कि अग्निशमन उपकरण, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा संसाधन हमेशा कार्यशील स्थिति में रखें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

अग्निशमन अधिकारियों ने कर्मचारियों को आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित बाहर निकलने का प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने बताया कि समय रहते बरती गई सावधानी और सुरक्षा उपायों की जानकारी बड़े हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अग्निशमन विभाग की इस पहल का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों को अधिक सुरक्षित बनाना, कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाना और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रतिष्ठानों को पूरी तरह तैयार रखना है। विभाग की सक्रियता से औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षित कार्य वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।