हरदोई के बिलग्राम नगर पालिका में रिश्वत लेते बाबू रूपेश खन्ना और चपरासी राजकुमार गिरफ्तार, बिल भुगतान के नाम पर ली रिश्वत, एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ पकड़ा

हरदोई। बिलग्राम नगर पालिका परिषद में बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ लिपिक रूपेश खन्ना और चपरासी राजकुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों कर्मचारियों की गिरफ्तारी से नगर पालिका परिसर में हड़कंप मच गया। टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका में बिल भुगतान के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की गई थी। शिकायत के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मामले की जांच की और बुधवार को आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम मिलने के बाद नगर पालिका में तैनात चपरासी राजकुमार ने वरिष्ठ लिपिक रूपेश खन्ना के कहने पर 50 हजार रुपये अलमारी में रख दिए। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठी एंटी करप्शन टीम ने दोनों कर्मचारियों को पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से नगर पालिका के कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। सरकारी विभाग में रिश्वतखोरी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा है।