सत्य साई बाबा की 101वीं जयंती पर 3 जोड़ी ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी, प्रशांति निलयम स्टेशन पर होगा ठहराव

सत्य साई बाबा की 101वीं जयंती पर 3 जोड़ी ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी, प्रशांति निलयम स्टेशन पर होगा ठहराव

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे का विशेष इंतजाम

भगवान श्री सत्य साई बाबा की 101वीं जयंती के अवसर पर रेलवे ने श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा के लिए 3 जोड़ी रेलसेवाओं का मार्ग परिवर्तित किया है। इन ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग पर स्थित श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर 2 मिनट का अतिरिक्त ठहराव भी दिया जाएगा। इससे जयंती समारोह में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार ट्रेन संख्या 12975 मैसूरू-जयपुर 19 और 21 नवंबर को परिवर्तित मार्ग पनुकोन्डा-श्री सत्य साई प्रशांति निलयम-धर्मवरम होकर चलेगी। यह ट्रेन प्रशांति निलयम स्टेशन पर दोपहर 3:35 बजे पहुंचेगी और 3:37 बजे रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 12976 जयपुर-मैसूरू 23 और 25 नवंबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इसका प्रशांति निलयम स्टेशन पर सुबह 9:50 बजे आगमन और 9:52 बजे प्रस्थान होगा।

इसी तरह ट्रेन संख्या 16531 अजमेर-केएसआर बेंगलुरू 23 नवंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह रात 10:08 बजे प्रशांति निलयम पहुंचेगी और 10:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन संख्या 16532 केएसआर बेंगलुरू-अजमेर 20 नवंबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इसका ठहराव शाम 7:20 बजे से 7:22 बजे तक रहेगा।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 16533 जोधपुर-केएसआर बेंगलुरू 18 नवंबर को और ट्रेन संख्या 16534 केएसआर बेंगलुरू-भगत की कोठी 22 नवंबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इन दोनों ट्रेनों को भी श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर 2 मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।

रेलवे के इस निर्णय से भगवान श्री सत्य साई बाबा की जयंती पर प्रशांति निलयम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में विशेष सुविधा मिलेगी।