राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में मासूम के हृदय छेद का सफल आपरेशन

देवरिया।राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) टीम-बी, बैतालपुर के डॉ. अमृता गुप्ता एवं अजीत प्रताप सिंह की सक्रियता से एक मासूम बच्ची को नया जीवन मिला है। टीम द्वारा विद्यालय में की गई स्वास्थ्य जांच के दौरान बच्ची के हृदय में छेद पाए जाने पर उसे समय से उच्च चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उसका सफल ऑपरेशन हुआ।बैतालपुर क्षेत्र के ग्राम सिरजमदेई निवासी मनोज रावत की पुत्री रीतू रावत की जांच टीम द्वारा की गई थी। जांच के दौरान उसके हृदय में छेद की पुष्टि हुई। टीम ने तुरंत उसे केजीएमयू, लखनऊ के लिए रेफर किया, जहां 21 अक्टूबर को उसे भर्ती कराया गया।भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. अभय मणि त्रिपाठी के सहयोग से समुचित व्यवस्था कराई गई, जिसके बाद 06 नवंबर को बच्ची के हृदय का सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद बच्ची को 10 नवंबर को डिस्चार्ज कर दिया गया।
बाद में 18 नवंबर को आरबीएसके टीम द्वारा बच्ची का पुनः फॉलोअप किया गया, जिसमें बच्ची पूरी तरह स्वस्थ पाई गई।इस सराहनीय कार्य के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी समेत सभी ने आरबीएसके टीम की मुक्तकंठ से सराहना की। परिजनों ने भी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर जांच और सही मार्गदर्शन न मिलता तो बच्ची का जीवन खतरे में पड़ सकता था।