प्रत्येक बुधवार को नगर निगम सभागार में आयोजित होगा स्वनिधि कैंप पथ विक्रेताओं एवं असंगठित क्षेत्र के पात्र व्यक्तियों को मिलेगा तीन किस्तों में 90 हजार रुपये तक का ऋण

प्रत्येक बुधवार को नगर निगम सभागार में आयोजित होगा स्वनिधि कैंप

 

पथ विक्रेताओं एवं असंगठित क्षेत्र के पात्र व्यक्तियों को मिलेगा तीन किस्तों में 90 हजार रुपये तक का ऋण

 

पाली, सिटी प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत शहरी पथ विक्रेताओं एवं असंगठित क्षेत्र के पात्र व्यक्तियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम पाली द्वारा प्रत्येक बुधवार को नगर निगम सभागार में स्वनिधि कैंप का आयोजन किया जाएगा।

 

नगर निगम आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने बताया कि कैंप के माध्यम से पथ विक्रेताओं के साथ-साथ हॉकर, गिग वर्कर्स, भवन निर्माण श्रमिक, दस्तकार, परिवहन श्रमिक, कचरा संग्रहकर्ता एवं आमजन को प्रत्यक्ष रूप से सेवाएं उपलब्ध करवाने वाले स्वयं सहायता समूहों के पात्र सदस्यों को योजना से जोड़ा जाएगा। योजना के तहत लाभार्थियों को तीन चरणों में क्रमशः 15 हजार, 25 हजार एवं 50 हजार रुपये तक, कुल 90 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध करवाने का प्रावधान है।

 

उन्होंने बताया कि स्वनिधि कैंप के माध्यम से योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही लाभान्वित स्ट्रीट वेंडर्स एवं उनके परिवारजनों की सफलता की कहानियों और उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। कैंप में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

कैंप में नए स्ट्रीट वेंडर्स को योजना से जोड़ना, स्ट्रीट वेंडर से उद्यमी बनने तक की सफलता की कहानियां साझा करना, महिला एवं दिव्यांग स्ट्रीट वेंडर्स का सम्मान, बैंकों द्वारा नवीन वित्तीय उत्पादों की जानकारी देना, लंबित ऋण प्रकरणों का निस्तारण एवं ऋण वितरण, डिजिटल भुगतान तथा क्यूआर कोड ऑनबोर्डिंग को बढ़ावा देना, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना तथा एफएसएसएआई एवं डिजिटल साक्षरता संबंधी जानकारी प्रदान करना जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

आयुक्त बोचल्या ने बताया कि नगर निगम द्वारा कैंप के माध्यम से पथ विक्रेताओं को योजना की विस्तृत जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों के आवेदन तैयार करवाने, आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं बैंकों से समन्वय स्थापित कर ऋण वितरण प्रक्रिया को गति प्रदान की जा रही है। नगर निगम का उद्देश्य अधिकाधिक पात्र पथ विक्रेताओं एवं असंगठित क्षेत्र के व्यक्तियों को योजना से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा शहरी आजीविका को सुदृढ़ करना है।