भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन

राजगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिले में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री रोडमल नागर, विधायक श्री अमर सिंह यादव, श्री मोहन शर्मा, श्री हजारीलाल दांगी, पूर्व राज्य मंत्री श्री बद्रीलाल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक श्री प्रताप मंडलोई, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, संघर्ष, सामाजिक चेतना एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। साथ ही जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं लोककला पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी प्रसारित किया गया।इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के छह हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं मेधावी विद्यार्थियों कु. हेमलता भिलाला, पिंटू वर्मा , नेहा एवं राहुल वर्मा को सम्मानित किया गया।इसके अलावा कन्या सीनियर छात्रावास पचोर एवं वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या सीनियर छात्रावास राजगढ़ की सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।